धौलपुर। धौलपुर जिले के दिहौली थाने से एक बड़े गांजा तस्करी मामले के आरोपी के फरार होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। आंध्र प्रदेश निवासी श्रीनिवासन टी, जो करीब 1.30 करोड़ रुपए कीमत के 261 किलो गांजे की तस्करी के मामले में पुलिस रिमांड पर था, लॉकअप की खिड़की तोड़कर भाग निकला। यह घटना शनिवार रात और रविवार सुबह के बीच हुई, जिसका पता सुबह ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल द्वारा लॉकअप की जांच करने के दौरान चला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में कांस्टेबल विष्णु और जोगेश को निलंबित कर दिया है। फरार आरोपी की तलाश के लिए जिलेभर में नाकाबंदी की गई है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ट्रेन के माध्यम से अपने गृह राज्य आंध्र प्रदेश भागने की फिराक में हो सकता है, जिसके चलते रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी को भी अलर्ट पर रखा गया है।
यह मामला 17 अक्टूबर का है, जब मनियां थाना पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर एक कार से 261 किलो 110 ग्राम गांजा बरामद किया था। उस समय पुलिस ने आंध्र प्रदेश नंबर की गाड़ी से श्रीनिवासन टी और गेडम अमर चैतन्य को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया था कि वे यह खेप आंध्र प्रदेश के बल्लीगौड़ा से दौसा ले जा रहे थे। मामले की जांच दिहौली थाना प्रभारी शैतान सिंह को सौंपी गई थी और आरोपी श्रीनिवासन टी को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने आगरा और झांसी की ओर विशेष टीमें भेजी हैं। साथ ही पड़ोसी राज्यों की पुलिस को भी आरोपी की तस्वीरें भेजकर सतर्क कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने फरार आरोपी के खिलाफ भी मामला दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती आरोपी को दोबारा पकड़ने और थाने की सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक की जांच पूरी करने की है।
इस घटना ने थाने की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि लॉकअप की खिड़की टूटने की आवाज किसी को क्यों नहीं सुनाई दी और सुरक्षा में तैनात जवान उस समय कहां थे। पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं ताकि आरोपी को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे लाया जा सके।

