जयपुर। जयपुर के गजराज मैरिज गार्डन में एक गरिमामयी समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें राजस्थान प्रशासनिक सेवा से भारतीय प्रशासनिक सेवा में पदोन्नत हुए अधिकारी भागचंद बधाल का भव्य अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर समाज के विभिन्न वर्गों के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और अधिवक्ता बड़ी संख्या में उपस्थित हुए। सभी ने बधाल की कार्यकुशलता और ईमानदारी की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में वक्ताओं ने भागचंद बधाल के आरएएस से आईएएस तक के सफर को परिश्रम और जनसेवा का प्रतीक बताया। उपस्थित लोगों में हरफूल सिंह चौधरी, सीताराम अग्रवाल, अशोक डिडेल, महेंद्र सिंह ओला,प्रवीण पूनियां, बंशी बसेरा,रामेश्वर लाल जाट, एडवोकेट,डॉक्टर सुरेंद्र,मनीष, राजेंद्र, कुंभाराम, सुनील चौधरी,बनवारी बोचलिल्या, शेर सिंह चाहर, , और विक्रम सिंह सहित कई प्रमुख समाज के लोगों की उपस्थिति रही। सभी ने एक स्वर में कहा कि बधाल का व्यक्तित्व न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
इस सम्मान से अभिभूत भागचंद बधाल ने उपस्थित सभी शुभचिंतकों का हृदय से आभार व्यक्त किया। भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में पद और प्रतिष्ठा से कहीं अधिक मूल्यवान अपनों का प्रेम और विश्वास होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत मेहनत का परिणाम नहीं है, बल्कि इसमें समाज के स्नेह और सहयोग का भी बड़ा योगदान है।
बधाल ने अपने संबोधन में विश्वास दिलाया कि यह सम्मान उनके लिए एक नई जिम्मेदारी की तरह है। उन्होंने कहा कि वे भविष्य में भी पूरी निष्ठा, विनम्रता और समर्पण के साथ जनसेवा के मूल्यों को सर्वोपरि रखेंगे। समारोह में उत्साह और आत्मीयता का वातावरण रहा, जहां लोगों ने बधाल को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे अपनी प्रशासनिक भूमिका में प्रदेश के विकास के लिए और भी बेहतर योगदान देंगे।


