Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

गुरुग्राम में जाम की समस्या से मिलेगी निजात, 27 नए मेट्रो स्टेशन बदलेंगे सफर का अंदाज

गुरुग्राम में जाम की समस्या से मिलेगी निजात, 27 नए मेट्रो स्टेशन बदलेंगे सफर का अंदाज
गुरुग्राम में मिलेनियम सिटी सेंटर से साइबर सिटी तक मेट्रो विस्तार के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा।

Gurugram New Metro Project: जब भी देश की राजधानी से सटे शहर गुरुग्राम का नाम आता है तो घंटों तक लगने वाले जाम और इसमें परेशान लोगों की छवि उभरने लगती है। अब इस समस्या का समाधान होने जा रहा है। क्योंकि गुरुग्राम के लिए खास प्लान तैयार हो गया है, जो इस शहर की यातायात व्यवस्था को नया रूप देगा।

गुरुग्राम के मिलेनियम सिटी सेंटर से लेकर साइबर सिटी तक अब मेट्रो की सुविधा मिलने जा रही है। यहां पर मेट्रो लाइन बिछाई जाएगी। इस रूट पर लोगों की आवाजाही सुविधाजनक बनाने के लिए सेक्टर 9 से साइबर सिटी मेट्रो स्टेशन तक एलिवेटेड वायाडक्ट के साथ-साथ मेट्रो स्टेशनों के निर्माण के लिए टेंडर जारी हो गया है। इसके लिए टेंडर लगाने वाली एजेंसियों को 18 नवंबर तक का समय दिया गया है। हालांकि टेंडर 5 अक्टूबर को खोला गया था।

मेट्रो परियोजना से जुड़े अधिकारियों के अनुसार इस परियोजना पर करीब 1662.53 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस चरण के मेट्रो विस्तार के तहत सेक्टर 9 स्टेशन से आगे के क्षेत्र में साइबर सिटी स्टेशन तक स्‍टेशनों का निर्माण भी होगा। इस परियोजना में 28.5 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन बिछाई जानी है। इस रूट पर 27 नए मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे, जबकि एक डिपो भी शामिल रहेगा।

यहां बनेंगे मेट्रो स्टेशन

इस परियोजना में 28.5 किलोमीटर की दूरी में कुल 27 मेट्रो स्टेशन बनाए जाने हैं। यानी हर किलोमीटर पर एक मेट्रो स्टेशन होगा। इससे अधिक से अधिक लोगों को मेट्रो की सुविधा मिल सकेगी।

इसके तहत बनने वाले मेट्रो स्टेशनों में मिलेनियम सिटी सेंटर, सेक्टर 45, साइबर पार्क, सेक्टर 47, सुभाष चौक, सेक्टर 48, सेक्टर 72A, हीरो होंडा चौक, उद्योग विहार फेज 6, सेक्टर 10, सेक्टर 37, बसई गांव, सेक्टर 101, सेक्टर 9, सेक्टर 7, सेक्टर 4, सेक्टर 5, अशोक विहार, सेक्टर 3, बजघेड़ा रोड, पालम विहार एक्सटेंशन, पालम विहार, सेक्टर 23A, सेक्टर 22, उद्योग विहार फेज 4, उद्योग विहार फेज 5 और साइबर सिटी शामिल हैं।

दिल्ली मेट्रो से भी होगी कनेक्टिविटी

इस परियोजना को सिर्फ गुरुग्राम के लिए नहीं, गुरुग्राम से दिल्ली की ओर जाने व आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए भी तैयार किया जा रहा है।

क्योंकि यह परियोजना मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी के तहत है। यानी गुरुग्राम मेट्रो अब दिल्‍ली मेट्रो के साथ-साथ रैपिड रेल से जुड़ जाएगी। बाहर से आने वाले यात्री भी शहर की भीड़ और जाम से बचते हुए आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।