अग्निवीरों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। सेना में देश के लिए सेवा देने वाले पूर्व अग्निवीरों को अब घर पर बेरोजगार नहीं बैठना पड़ेगा। जानकारी के अनुसार गुजरात सरकार ने सेवा के पूर्व अग्निवीरों को बिना किसी लिखित परीक्षा और शारीरिक शिक्षा के गुजरात पुलिस बल में सीधे भर्ती करने की घोषणा की है। बता दें कि पुलिस में भर्ती होने के लिए युवाओं को शारीरिक शिक्षा और लिखित परीक्षा देनी पड़ती है। लेकिन गुजरात सरकार ने पुलिस बल के लिए होने वाली शारीरिक और लिखित परीक्षा से अग्निवीरों को छूट देने की घोषणा की है। सरकार के इस फैसले से प्रदेश के हजारों अग्निवीरों को लाभ मिलेगा।
शारीरिक और लिखित परीक्षा में छूट के साथ मिलेगा 20% आरक्षण
गुजरात राज्य में अग्निवीरों को शारीरिक और लिखित परीक्षा में छूट तो मिलेगी ही मिलेगी, साथ ही सरकार की तरफ से 20% आरक्षण का प्रावधान भी किया गया है। गुजरात राज्य के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने अग्नि वीरों को मिलने वाली पुलिस भर्ती हेतु शारीरिक और लिखित परीक्षा में छूट और 20% आरक्षण से संबंधित जानकारी शनिवार को दी। उन्होंने कहा कि पूर्व अग्निवीरों को शारीरिक परीक्षा से छूट के साथ पुलिस भर्ती के लिए आयु सीमा में भी पांच साल की छूट दी गई है।
राजस्थान, हरियाणा सहित इन राज्यों में भी अग्नि वीरों के लिए है पुलिस भर्ती में आरक्षण की सुविधा
गुजरात राज्य के अलावा कई अन्य राज्यों में भी अग्नि वीरों के लिए पुलिस भर्ती में आरक्षण की सुविधा रखी गई है। बता दें कि राजस्थान प्रदेश में अग्निवीरों के लिए 10% आरक्षण और बिना परीक्षा के भर्ती की सुविधा के साथ आयु सीमा में भी 5 वर्ष की छूट दी गई है। राजस्थान सरकार ने पुलिस भर्ती, जेल प्रहरी और वनरक्षक भर्ती में अग्निवीरों के लिए आरक्षण का प्रावधान रखा है। राजस्थान के अलावा हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में भी कुछ सरकारी पदों पर पूर्व अग्निवीरों के लिए 20% आरक्षण और शारीरिक परीक्षा में छूट का प्रावधान रखा गया है।


