जयपुर। जयपुर प्रथम में रोगाणुरोधी दवाओं के प्रति बढ़ती प्रतिरोधक क्षमता यानी एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) को रोकने के लिए विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ किया गया है। 18 से 24 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान का मुख्य उद्देश्य एंटीबायोटिक दवाओं के जिम्मेदार उपयोग को बढ़ावा देना है। इस वर्ष की थीम वन हेल्थ, वन एक्शन: प्रिवेंट एएमआर नाउ रखी गई है, जिसके तहत बुधवार को नीले गुब्बारे उड़ाकर आमजन को जागरूक करने का संदेश दिया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक और गलत इस्तेमाल भविष्य के लिए एक गंभीर स्वास्थ्य संकट बन सकता है। उन्होंने सभी चिकित्सा अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों से अपील की है कि वे केवल चिकित्सकीय परामर्श के आधार पर ही दवाओं का सुझाव दें। साथ ही, उन्होंने आम जनता से भी आग्रह किया कि वे बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन न करें।
उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनु शेखावत ने बताया कि इस सप्ताह के दौरान चिकित्सकों, फार्मासिस्ट और आम नागरिकों की भागीदारी से कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें चिकित्सा संस्थानों में पोस्टर प्रदर्शन, शपथ ग्रहण समारोह और ऑनलाइन वेबिनार शामिल हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोगों को एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की रोकथाम के लिए नवीनतम जानकारी प्रदान करना है।
वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. विनोद शर्मा ने स्पष्ट किया कि एंटीबायोटिक दवाएं केवल बैक्टीरिया से होने वाले संक्रमणों पर असर करती हैं, न कि सर्दी-जुकाम जैसे वायरल संक्रमणों पर। उन्होंने चेतावनी दी कि पुरानी पर्ची पर दोबारा दवा लेना, अधूरा उपचार छोड़ना या दूसरों के साथ दवा साझा करना रेजिस्टेंस को बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा कि चिकित्सक की सलाह का पालन करना ही संक्रमण से बचने का सबसे सुरक्षित तरीका है।
अभियान के दौरान हाथों की स्वच्छता, व्यक्तिगत साफ-सफाई और अस्पतालों में संक्रमण नियंत्रण पर विशेष जोर दिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग विभिन्न जनसंपर्क माध्यमों से लोगों तक यह संदेश पहुंचा रहा है कि एंटीबायोटिक का सही उपयोग ही भविष्य में इनके प्रभाव को सुरक्षित रख सकता है। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित उपचार का पालन करें और एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के खिलाफ लड़ाई में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।


