Delhi Metro Rail Corporation : दिल्ली मेट्रो द्वारा यात्रियों की सुरक्षा के लिए नई टेक्नोलाजी के लिए ट्रायल का आयोजन किया है। मेट्रो द्वारा हादसों पर पूरी तरह से रोक लगाने के लिए टेक्नोलाजी में बड़ा बदलाव किया गया है, ताकि दरवाजे में साड़ी का पल्लू, बैग का स्ट्रैप या पानी की बोतल की डोरी फंसने पर भी मेट्रो तुरंत ही रुक जाएगी और दरवाजा पूरी तरह बंद होने पर ही मेट्रो आगे के लिए रवाना होगी।
दिल्ली मेट्रो द्वारा इसका ट्रायल किया जा रहा है और अब तक पांच मेट्रो ट्रेन पर इसका सफल ट्रायल चल रहा है। अब दिल्ली मेट्रो की ट्रेनों के दरवाजे में सात मिलीमीटर पतला सामान फंसने पर भी दरवाजा बंद नहीं होगा। अक्सर देखा जाता था कि महिलाओं के साड़ी का पल्लू या अन्य सामान उलझ जाने पर यात्री स्टेशनपर घसीट जाते थे और लोग इससे घायल हो जाते थे।
मेट्रो के दरवाजे में अभी सेंसर लगे हुए हैं, जिससे कोई भी समान फंसने पर दरवाजे बंद नहीं होते हैं, लेकिन सेंसर होने के बावजूद दिसंबर 2023 में दरवाजे में फंस जाने के कारण एक महिला की मौत हो गई थी। इसके बाद मेट्रो की तरफ से जांच शुरू की तो सामने आया कि जिस महिला की मौत हुई थी उसके पानी की बोतल डोरी दरवाजे में फंस गई थी। उतरते समय डोरी दरवाजे में फंस गई और ट्रेन चल पड़ी थी जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गई थी। बाद में उसकी मौत हो गई थी।
15 की जगह पर अब सात मिलीमीटर पर भी दोबारा खुलेगा दरवाजा
दिल्ली मेट्रो अपने यात्रियों के लिए पूरी तरह से गंभीर है। हादसे के बाद मेट्रो की तरफ से एंटी ड्रैग लगाने का निर्णय लिया था। फिलहाल सेंसर के माध्यम से 15 मिलीमीटर का सामान आगे आने पर ही दरवाजा दोबारा खुलता है, लेकिन अब मेट्रो ने इस तकनीकी का विस्तार किया है।
अब 15 मिलीमीटर नहीं बल्कि सात मिलीमीटर की चीज भी सामने आते ही दरवाजा दोबारा से खुल जाएगा और मेट्रो तब तक रुकी रहेगी । इससे पतली चीज जैसे साड़ी का पल्लू, बैग की पतली बेल्ट, डोरी आदि दरवाजे में फंसने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। नई प्रणाली में सात मिलीमीटर पतले सामान फंसने के बाद भी दरवाजा बंद नहीं होगा।


