Rajasthan News: राजस्थान प्रदेश में निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही बताने वाले अधिकारियों के खिलाफ जिला निर्वाचन अधिकारी ने बड़ा एक्शन लिया है। प्रदेश के बाड़मेर जिले में जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा लापरवाही बताने वाले पांच पीठासीन अधिकारियों को निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं। पंचायती राज चुनाव 2026 के तहत जिले में चतुर्थ चरण के मतदान को लेकर मतदान दलों की रवानगी के दौरान अनुपस्थित रहने वाले कार्मिकों के खिलाफ जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील कुमार यादव ने निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध कार्य में लापरवाही बरतने तथा बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने के मामले में 5 पीठासीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है।
38 मतदान कार्मिकों के विरुद्ध होगी कार्रवाई
जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील कुमार यादव ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान लापरवाही बरतने वाले 38 मतदान कार्मिकों के विरुद्ध राजस्थान सिविल सेवा नियमों के तहत 17 सीसी की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर सुशील कुमार यादव ने बताया कि 13 नवम्बर को एमबीआर महाविद्यालय में चतुर्थ चरण के मतदान के लिए मतदान दलों की रवानगी की व्यवस्था की गई थी।
इस दौरान जिले की सिवाना, पाटोदी, पादरू, पायला कलां एवं बालोतरा पंचायत समितियों से संबंधित मतदान दलों के पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ तथा आरओ स्तर के कार्मिक अनुपस्थित रहे। इनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।
बिना सूचना अनुपस्थित रहना घोर लापरवाही
जिला निर्वाचन अधिकारी यादव ने स्पष्ट किया कि पंचायती राज चुनाव जैसे महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक कार्य में प्रत्येक नियुक्त कार्मिक की जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है। ऐसे में निर्वाचन ड्यूटी बिना सूचना अनुपस्थित रहना गंभीर लापरवाही की श्रेणी में आता है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही और आदेशों की अवहेलना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्वाचन दायित्वों में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के विरुद्ध तय किए गए नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।


