Rajasthan Ration Distribution : राजस्थान में पात्र लोगों को समय पर राशन नहीं मिलने के मामले में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने विक्रेताओं के खिलाफ एक्शन लेना शुरू कर दिया है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के शासन सचिव डा. रोहित गुप्ता ने वीरवार को सीएम भजनलाल शर्मा के आदेश पर शासन सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क 181 हेल्पलाइन केंद्र का निरीक्षण किया। जहां पर आई हुई शिकायतों की समीक्षा की और पात्र परिवारों को तुरंत ही राशन उपलब्ध करवाने व पिछले माह का राशन नहीं देने वाले विक्रेताओं के खिलाफ तुरंत ही कार्रवाई करने के आदेश दिए।
शासन सचिव डा. रोहित गुप्ता ने खुद हेल्पलाइन केंद्र में पहुंचकर परिवादियों और जिला रसद अधिकारियों से फोन पर बातचीत की। जहां पर शिकायत मिलने पर तुरंत ही एक्शन लेने के आदेश दिए। खैरथल-तिजारा के शाहीद खान ने राशन की दुकान समय पर नहीं खुलने और राशन मिलने में देरी की शिकायत की। डा. गुप्ता ने उन्हें वीरवार को ही राशन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
इसी तरह करौली के रोहित कुमार की चार माह से राशन नहीं मिलने की शिकायत पर डा. गुप्ता ने जिला रसद अधिकारी को संबंधित विक्रेता से वितरण का प्रतिशत पता कर जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिला रसद अधिकारियों को राशन विक्रेताओं से नियमित रूप से मिलने और वितरण की अद्यतन जानकारी रखने के निर्देश दिए। चित्तौड़गढ़ के लक्ष्मण मेघवाल ने पूरा राशन नहीं मिलने और अलवर की सुनीता ने चार माह का राशन नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर शासन सचिव ने अधिकारियों को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।
खाद्य विभाग से जुड़े 292542 परिवादों में से करीब 2.89 लाख का समाधान किया गया। जहां पर उनकी शिकायतों के समाधान में 12 दिन लगे। सत्यापित प्रकरणों में 74.09 प्रतिशत परिवादियों ने निस्तारण पर संतोष जताया। डॉ. गुप्ता ने राजस्थान संपर्क पोर्टल की कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित सुविधा के बारे में भी जानकारी ली और इसे सुविधाजनक व जनोपयोगी बताया। इस अवसर पर विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।


