Controlled Area Haryana : हरियाणा सरकार द्वारा शहरों की सीमा क्षेत्र को लगातार बढ़ाया जा रहा है। जहां पर आसपास के गांवों को शहर की सीमा के अंतर्गत लाया जा रहा है यानी गांवों को नगर परिषद, नगर निगम के दायरे में लाकर उन गांवों के विकास का खाका तैयार किया जा रहा है। इसी कड़ी में अंबाला के साहा क्षेत्र में औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार को देखते हुए राज्य सरकार ने विकास का दायरा बढ़ा दिया है। साहा के आसपास के नौ गांवों को शामिल करते हुए अतिरिक्त नियंत्रित क्षेत्र घोषित किया गया है।
इसके बाद इन गांवों की निर्धारित राजस्व सीमाओं में मनमाने तरीके से निर्माण करना या जमीन का उपयोग बदलना आसान नहीं होगा।भवन निर्माण से लेकर औद्योगिक, व्यावसायिक और संस्थागत गतिविधियों तक के लिए निर्धारित नियोजन व्यवस्था और नियमों का पालन करना होगा। हरियाणा के नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है।
इन गांवों को लिया नियंत्रित क्षेत्र में
हरियाणा सरकार के आदेशानुसार मगरपुरा, मलाकपुर, महमूदपुर, फतेहपुर, साहा, लाहा और नग्गल गांवों की राजस्व इसके माजरा, तहत शादिपुर, कलाल सीमाओं को अतिरिक्त नियंत्रित क्षेत्र में शामिल किया गया है। यह अधिसूचना हरियाणा अनुसूचित सड़क एवं नियंत्रित क्षेत्र अनियमित विकास प्रतिबंध अधिनियम, 1963 की धारा 4(1) के तहत जारी की गई है।
उद्योग से लेकर कारोवार तक को नियोजित करने की तैयारी
साहा क्षेत्र में औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों की संभावनाओं को देखते हुए सरकार ने भविष्य के विस्तार को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने का फैसला लिया है। नियंत्रित क्षेत्र घोषित करने का मुख्य उद्देश्य अनियंत्रित निर्माण पर रोक लगाना और भवनों, उद्योगी, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, संस्थानों तथा मनोरंजन संबंधी गतिविधियों को निर्धारित योजना के अनुसार विकसित करना है। इससे क्षेत्र में बेतरतीब निर्माण और जमीन के अनधिकृत इस्तेमाल पर नियंत्रण रखने में मदद मिलेगी।
किसानों और जमीन मालिकों को भी रखना होगा ध्यान
नए नियंत्रित क्षेत्र का असर यहां जमीन रखने वाले किसानों और संपत्ति मालिकों पर भी पड़ेगा। अब इस क्षेत्र में निर्माण, उद्योग या व्यावसायिक प्रतिष्ठान स्थापित करने की योजना बनाने वालों को जमीन के निर्धारित उपयोग और संबंधित अनुमति प्रक्रिया का ध्यान रखना होगा।
केवल जमीन का मालिकाना हक होने से मनचाहे उपयोग या निर्माण की छूट नहीं मिलेगी। हालांकि, इस अधिसूचना में किसी की जमीन के अधिग्रहण, मुआवजे या किसी विशेष औद्योगिक परियोजना को मंजूरी देने का उल्लेख नहीं है। यह कदम मुख्य रूप से साहा के आसपास के क्षेत्र में भविष्य के विकास को नियंत्रित और व्यवस्थित करने के लिए उठाया गया है।
चार दिशाओं से तय की गई नए क्षेत्र की सीमाएं
अधिसूचना में नए नियंत्रित क्षेत्र की सीमाएं भी स्पष्ट की गई हैं। उत्तर में शादिपुर गांव की राजस्व सीमा, पूर्व में शादिपुर, मलाकपुर, महमूदपुर और फतेहपुर की सीमाएं निर्धारित की गई हैं। दक्षिण में पहले से अधिसूचित साहा क्षेत्र और पश्चिम में साहा, लाहा, नग्गल, महमूदपुर, मलाकपुर तथा शादिपुर की राजस्व सीमाओं को आधार बनाया गया है। क्षेत्र की पहचान के लिए अधिसूचना के साथ नक्शा भी जारी किया गया है।