IndiaHockeyCaptain : हिसार के गांव डाबड़ा के अंतरराष्ट्रीय हाकी खिलाड़ी संजय कालीरावणा को भारतीय हाकी टीम का कप्तान बनाया गया है। संजय 15 से 23 नवंबर तक न्यूजीलैंड के खिलाफ आयोजित होने वाले सेंचुरी आफ स्पोर्टिंग यूनिटी इवेंट में भारतीय टीम की कमान संभालेंगे। गांव के कच्चे मैदान से हाकी का सफर शुरू करने वाले संजय के लिए यह बड़ी उपलब्धि है।
वह भारतीय टीम के साथ ओलिंपिक में कांस्य पदक जीतने से लेकर एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने तक के सफर का हिस्सा रहे हैं। अब कप्तानी की जिम्मेदारी मिलने से उनके करियर में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। संजय ने महज सात वर्ष की उम्र में हाकी खेलना शुरू कर दिया था।
गांव डाबड़ा के कच्चे मैदान पर कोच राजेंद्र सिहाग के मार्गदर्शन में उन्होंने हाकी की शुरुआती बारीकियां सीखीं। सीमित संसाधनों के बीच अभ्यास करते हुए उन्होंने खेल में अपनी प्रतिभा दिखाई। इसके बाद बेहतर प्रशिक्षण के लिए चंडीगढ़ पहुंचे। यहां लगातार मेहनत और प्रदर्शन के दम पर उन्होंने स्टेट टीम से होते हुए राष्ट्रीय टीम तक का सफर तय किया। भारतीय टीम में डिफेंडर के रूप में उन्होंने अपनी पहचान बनाई।
100 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे करने पर मिला सम्मान
संजय के करियर में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि तब जुड़ी, जब उन्होंने एशियन गेम्स के दौरान अपना 100वां सीनियर अंतरराष्ट्रीय मुकाबला पूरा किया। इस उपलब्धि पर हाकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की और भारतीय टीम के मुख्य कोच क्रेगफुल्टन ने उन्हें सम्मानित किया था। गांव के मैदान से शुरू हुआ संजय का सफर अब भारतीय टीम की कप्तानी तक पहुंच गया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अनुभव और बड़े टूर्नामेंट में प्रदर्शन उनके लिए महत्वपूर्ण रहा है।
ओलिंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली टीम का रहे हिस्सा
संजय 2024 पेरिस ओलिंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हाकी टीम का हिस्सा रहे। इस प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश को लगातार दूसरी बार ओलिंपिक में हाकी का कांस्य पदक दिलाया। इसके बाद जापान में आयोजित एशियन गेम्स में भी संजय भारतीय टीम की रक्षा पंक्ति का हिस्सा रहे। भारत ने फाइनल में मलेशिया को 5-1 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।


