Kurukshetra Khatu Shyam Bus : हरियाणा रोडवेज ने खाटूश्याम मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए सीधी बस सेवा की शुरुआत की है। यह बस सेवा कुरुक्षेत्र से खाटूश्याम तक चलेगी। हरियाणा रोडवेज की यह बस कुरुक्षेत्र से वाया नरवाना होते हुए हिसार, हिसार, राजगढ़, चूरू और सीकर होते हुए खाटूश्याम धाम पहुंचेगी। इस बस सेवा से हरियाणा के कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, हिसार के श्रद्धालुओं को सीधी बस सेवा मिल गई है।
हरियाणा रोडवेज द्वारा शुरू की गई की गई इस बस सेवा के बाद श्रद्धालुओं का बार-बार बस चलाने का झंझट खत्म हो गया है, क्योंकि जींद से खाटूश्याम के लिए कोई भी सीधी बस सेवा नहीं है। ऐसे में अब जींद जिले के यात्री नरवाना बस स्टेंड से खाटूश्याम के लिए सीधी बस सेवा का लाभ उठा सकेंगे।
यह बस कुरुक्षेत्र से चलकर सुबह करीब आठ बजकर 20 मिनट से साढ़े आठ बजे के बीच नरवाना बस स्टैंड पर पहुंच जाएगी। इसके बाद यह हिसार, राजगढ़, चूरू और सीकर होते हुए खाटूश्याम धाम जाएगी। नरवाना से खाटूश्याम धाम की दूरी लगभग 340 किलोमीटर है।
नरवाना से खाटूश्याम धाम का लगेगा 365 रुपये किराया
हरियाणा रोडवेज द्वारा शुरू की गई खाटूश्याम धाम बस सेवा के लिए नरवाना से 365 रुपये किराया लगेगा और यह बस यहां पर 8.20 पर रवाना होकर शाम करीब चार बजे खाटूश्याम धाम पहुंच जाती है। वापसी में बस सुबह छह बजे के बाद खाटूश्याम धाम से नरवाना के लिए रवाना होती है। राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटूश्याम धाम श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है।
जींद के यात्रियों को मिलेगी सीधी बस सेवा
नरवाना बस स्टैंड के डीआइ विजय कुंडू ने बताया कि खाटूश्याम धाम के लिए कुरुक्षेत्र डिपो द्वारा सीधी बस सेवा की शुरुआत की है। यह बस नरवाना बस स्टैंड से होकर जाएगी। इस बस के नरवाना से होकर गुजरने से नरवाना के साथ जींद क्षेत्र के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा। श्रद्धालु नरवाना पहुंचकर बस में सवार हो सकते हैं। रोडवेज का प्रयास है कि यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा दी जा सके।


