सवाई माधोपुर। सवाई माधोपुर जिले में पंचायतीराज आम चुनाव 2026 के तीसरे चरण के तहत मंगलवार को मलारना डूंगर पंचायत समिति क्षेत्र में मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए प्रशासन ने पूरी सतर्कता बरती ताकि मतदाता बिना किसी दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर काना राम और पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी ने भाड़ौती स्थित मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्र पर मौजूद कार्मिकों से चुनाव प्रक्रिया की बारीकियों को समझा और वहां की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। कलेक्टर ने मतदान केंद्र पर मतदाताओं के लिए पेयजल, छाया और व्हीलचेयर जैसी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता की जांच की।
कलेक्टर काना राम ने मतदान अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने मॉक पोल और ईवीएम की सीलिंग प्रक्रिया को लेकर विशेष सावधानी बरतने को कहा ताकि मतदान की पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने मतदान की गति और प्रतिशत की जानकारी लेते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसी भी मतदाता को कतार में खड़े होने या मतदान करने में असुविधा न हो।
सुरक्षा के मोर्चे पर पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी ने तैनात पुलिस जाब्ते की मुस्तैदी को परखा। उन्होंने मोबाइल पार्टियों को निर्देश दिए कि वे लगातार गश्त करें और संवेदनशील केंद्रों पर कड़ी नजर रखें। एसपी ने स्पष्ट किया कि चुनाव में बाधा डालने या शांति भंग करने की कोशिश करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मतदान केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ को रोकने के लिए भी पुलिस को निर्देशित किया गया है।
प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों के पास निजी वाहनों के प्रवेश पर रोक सहित सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मतदान को लेकर क्षेत्र के निवासियों में काफी उत्साह देखा गया। सुबह से ही महिलाएं, बुजुर्ग और युवा बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों की लगातार निगरानी के चलते पूरी मतदान प्रक्रिया व्यवस्थित और शांतिपूर्ण रही।
