Jaipur Times
ई-पेपरYT
HI/EN
जयपुर टाइम्स
करौली

सपोटरा सड़क मार्ग पर युवक पर जानलेवा हमला, सवाई माधोपुर से दो आरोपी गिरफ्तार

सपोटरा पुलिस ने बैरूंडा-जाखोदा मार्ग पर बाइक सवार पर हुए हमले के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को सवाई माधोपुर से दबोचा।

संवाददाता: Sagar kumar sharma
सपोटरा सड़क मार्ग पर युवक पर जानलेवा हमला, सवाई माधोपुर से दो आरोपी गिरफ्तार

सपोटरा। सपोटरा क्षेत्र के बैरूंडा-जाखोदा सड़क मार्ग पर शनिवार देर शाम एक बाइक सवार युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद दो आरोपियों को सवाई माधोपुर से गिरफ्तार कर लिया है। हमले में गंभीर रूप से घायल 39 वर्षीय रूपलाल बैरवा का जयपुर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

पुलिस के अनुसार, रैती की झोपड़ी निवासी रूपलाल बैरवा शनिवार शाम अपनी बाइक से गांव लौट रहे थे। रास्ते में बोलेरो सवार लोगों के साथ उनका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान मानसिंह राजपूत और सोनू उर्फ शिवकेश मीणा ने धारदार हथियारों से रूपलाल पर हमला कर दिया। हमले में पीड़ित के नाक, कान और सिर पर गंभीर चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

राहगीरों की सूचना पर एएसआई बिजेंद्र सिंह की टीम मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत सपोटरा उप जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए उन्हें जयपुर रेफर कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक दौलतराम ने भी अस्पताल पहुंचकर परिजनों से घटना की जानकारी ली और मामले की जांच शुरू की।

थानाधिकारी अभिजीत कुमार ने बताया कि पीड़ित के परिजनों द्वारा दी गई नामजद रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आज दोपहर करीब 3 बजे सवाई माधोपुर से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी बरामद कर लिया है।

फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि विवाद की असली वजह क्या थी और हमले में किन हथियारों का इस्तेमाल किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के बाद मामले के अन्य पहलुओं का खुलासा होगा। इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के प्रति पुलिस की तत्परता स्पष्ट हुई है।

प्रतिक्रियाएं

0 कुल

टिप्पणियां

0 स्वीकृत

अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।