Jaipur Times
ई-पेपरYT
HI/EN
जयपुर टाइम्स
करौली

निःशब्द विद्यालय में गूंजी प्रतिभाओं की अनुगूंज: विश्व सांकेतिक भाषा दिवस पर दिव्यांग विद्यार्थियों ने बिखेरे जलवे

करौली के निःशब्द विद्यालय में विश्व सांकेतिक भाषा दिवस और प्रवेश उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें दिव्यांग विद्यार्थियों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया और नए छात्रों का स्वागत हुआ।

संवाददाता: जयपुर टाइम्स डेस्क
निःशब्द विद्यालय में गूंजी प्रतिभाओं की अनुगूंज: विश्व सांकेतिक भाषा दिवस पर दिव्यांग विद्यार्थियों ने बिखेरे जलवे

करौली। करौली स्थित निःशब्द विद्यालय में विश्व सांकेतिक भाषा दिवस और प्रवेश उत्सव के उपलक्ष्य में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दिव्यांग विद्यार्थियों ने अपनी अद्भुत प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिसने उपस्थित सभी लोगों को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल और विशिष्ट अतिथि स्वामी प्रवीर देव ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। संस्था के समन्वयक सत्येन चतुर्वेदी ने विद्यालय के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए अतिथियों का स्वागत किया। सांकेतिक भाषा प्रशिक्षक विनोद जाटव ने सांकेतिक भाषा के माध्यम से कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।

पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि दिव्यांग बच्चों में अपार प्रतिभाएं छिपी हैं, जिन्हें उचित मंच और प्रशिक्षण की आवश्यकता है। उन्होंने जिला पुलिस की ओर से विद्यालय की छात्राओं के लिए जल्द ही आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर शुरू करने की घोषणा की। साइबर डीएसपी कुसुम ने भी विद्यार्थियों के अनुशासन की प्रशंसा की।

समारोह के दौरान पूर्व छात्रों की उपलब्धियों को भी सराहा गया। सरकारी नौकरी प्राप्त करने वाले पूर्व छात्र विजय मीणा को सम्मानित किया गया। साथ ही, कैलादेवी में हाउसकीपिंग प्रशिक्षण पूरा करने वाले 12 पूर्व छात्रों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर भामाशाह धर्मेंद्र जादौन ने राजपरिवार प्रमुख कृष्णचंद्र पाल के जन्मदिन के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों के बीच फलों का वितरण किया।

कार्यक्रम का संचालन अनुज प्रताप सिंह ने किया और सांकेतिक भाषा में अनुवाद भावना सोनवाल ने संभाला। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य रविंद्र पुरोहित, उपप्रधानाचार्य श्रीराम शर्मा सहित समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में पूर्व छात्र व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में सत्येन चतुर्वेदी ने सभी का आभार व्यक्त किया।

प्रतिक्रियाएं

0 कुल

टिप्पणियां

0 स्वीकृत

अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।