Jaipur Times
ई-पेपरYT
HI/EN
जयपुर टाइम्स
करौली

करौली निकाय चुनाव परिणाम: नगर परिषद में कांग्रेस का परचम, तीन निकायों में भाजपा की जीत

करौली जिले के छह नगर निकायों के चुनाव परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। नगर परिषद में कांग्रेस ने बाजी मारी है, जबकि भाजपा ने तीन निकायों में जीत दर्ज की है।

संवाददाता: जयपुर टाइम्स डेस्क
करौली निकाय चुनाव परिणाम: नगर परिषद में कांग्रेस का परचम, तीन निकायों में भाजपा की जीत

करौली। करौली जिले के छह नगर निकायों के बहुप्रतीक्षित चुनाव परिणाम सोमवार को घोषित कर दिए गए। इन चुनावों में सत्ता के लिए हुए कड़े संघर्ष के बाद भारतीय जनता पार्टी ने तीन निकायों में जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस ने दो निकायों पर अपना कब्जा जमाया। टोडाभीम में एक निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज कर सबको चौंका दिया। इससे पहले हिण्डौन सिटी नगर परिषद में भाजपा की विजय कुमारी चतुर्वेदी निर्विरोध सभापति चुनी जा चुकी हैं। अब सभी निकायों में उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान 22 सितंबर को होगा।

करौली नगर परिषद के चुनाव में कांग्रेस के सुनील सैनी नए सभापति निर्वाचित हुए। 55 वार्डों वाली इस परिषद में सुनील सैनी को 30 मत मिले, जबकि भाजपा के वीरेंद्र शर्मा 25 मतों पर ही सिमट गए। रिटर्निंग अधिकारी राकेश कुमार रावत ने परिणामों की घोषणा की, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर खुशी मनाई। चुनाव के दौरान एडीएम जगदीश गौड़ और एएसपी रामकुमार कस्वा के नेतृत्व में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

सपोटरा नगर पालिका में भाजपा की सपना बैरवा ने एकतरफा जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस की कविता महावर को 12 मतों के बड़े अंतर से हराया। कुल 20 पार्षदों में से सपना बैरवा को 16 और कांग्रेस प्रत्याशी को मात्र 4 वोट मिले। रिटर्निंग अधिकारी अनूप सिंह ने विजयी प्रत्याशी को शपथ दिलाई। क्षेत्रीय विधायक हंसराज मीणा ने इसे जनता का विश्वास बताया।

टोडाभीम में निर्दलीय प्रत्याशी ललिता देवी ने बड़ा उलटफेर करते हुए भाजपा की ज्योति महावर को 17 मतों से करारी शिकस्त दी। 35 पार्षदों वाले सदन में ललिता देवी को 26 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी केवल 9 वोटों पर सिमट गईं। मंडरायल और सूरौठ में मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जहां दोनों ही जगह जीत का अंतर मात्र दो वोटों का रहा। मंडरायल में कांग्रेस की तुलसा जाटव ने भाजपा की शकुंतला धोबी को हराया, वहीं सूरौठ में भाजपा की कमला महावर ने कांग्रेस की सोमोती महावर को पराजित किया।

प्रतिक्रियाएं

0 कुल

टिप्पणियां

0 स्वीकृत

अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।