ब्लॉक रैणी में नारी चौपाल का हुआ आयोजन  विभिन्न विभागों द्वारा महिलाओं को सरकार की योजना, नियम, अधिनियमों की जानकारी की प्रदान 

Jan 6, 2023 - 14:39
 0
ब्लॉक रैणी में नारी चौपाल का हुआ आयोजन  विभिन्न विभागों द्वारा महिलाओं को सरकार की योजना, नियम, अधिनियमों की जानकारी की प्रदान 

अलवर। जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग द्वारा महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे नवाचार नारी चौपाल का ब्लॉक रैणी में आयोजन किया गया जिसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं का सशक्तीकरण करना, बढते हुये लिंगानुपात में सुधार, महिलाओं की गरिमा एवं सुरक्षा को सुनिश्चित करने हेतु महिलाओं से संबंधित विभागीय योजनाओं, नियमों अधिनियमों के प्रचार प्रसार एवं जागरूकता हेतु नवाचार लाना है।
राजगढ़-लक्ष्मणगढ विधायक जौहरी लाल मीना ने नारी चौपाल को सम्बोधित करते हुए कहा कि लिंगानुपात के स्तर को सुधारने के लिये जिले में आयोजित होने वाली नारी चौपालों का विशेष योगदान रहेगा। नारी चौपालों के आयोजन से सामाजिक सोच में परिवर्तन होगा व भ्रूण हत्या, लिंग जाँच जैसे अपराध होने से रूकेंगे। महिलाओ को आत्मनिर्भर बनाने में भी मदद मिलेगी। साथ ही उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही भी हो पायेगी।
रैणी प्रधान मीरा देवी व राज्य बाल संरक्षण आयोग की सदस्य वंदना व्यास ने नारी चौपाल में उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण से ही एक मजबूत समाज का निर्माण किया जा सकता है। महिलाओं को उनके अधिकारों की जानकारी प्रदान करके ही उन्हे अग्रिम पंक्ति में लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नारी चौपालों के आयोजन से महिलाओं को योजनाओं एवं कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी मिलेगी।
प्रशिक्षु आईएएस रिया डाबी ने महिलाओं को अपने हक के लिये स्वयं आगे आने का आव्हान करते हुए कहा कि समाजिक कुप्रथाओं को समाप्त कर महिलाएं आगे आये एवं समाज के विकास में अपनी भागीदारी निभायें तथा महिला जनप्रतिनिधि अपने कार्यों को अच्छी तरह समझकर उनका बेहतर क्रियान्वयन करें। उन्होंने सरकार द्वारा संचालित चिरंजीवी योजना, इंदिरा गांधी मातृत्व पोषण योजना, इंदिरा गांधी प्रियदर्शनी प्रशिक्षण व कौशल संवर्धन योजना, शुभ शक्ति योजना, जनाधार पंजीकरण योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।
महिला अधिकारिता विभाग उपनिदेशक ऋषिराज सिंगल ने घरेलू हिंसा रोकथाम, वन स्टॉप सेंटर, महिला सुरक्षा और सलाहकार केंद्र, इंदिरा महिला शक्ति केंद्र और बाल विवाह रोकथाम और महिला अधिकारिता विभाग की योजनाएं शिक्षा सेतु निःशुल्क आरएससीआईटी, आरएससीएफए. संशोधित महिला विकास ऋण योजना, इंदिरा महिला शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना की जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के कल्याण हेतु विभिन्न योजनाएं
संचालित की गई है जिनकी जानकारी जिला प्रशासन द्वारा इन चौपालों के माध्यम से प्रदान की जाएगी एवं महिलाओं को स्वरोजगार से भी जोड़ने का कार्य भी किया जायेगा कार्यक्रम के समापन पर नारी चौपाल में उपस्थित समस्त महिलाओं को घूघंट मुक्त अलवर की शपथ दिलवायी गयी। नारी चौपाल में राजीविका द्वारा विभिन्न उत्पादों की स्टॉलस लगाई गई। इस दौरान प्रतिभावान बालिकाओं एवं महिलाओं का सम्मान किया गया। नारी चौपाल में महिलाओं द्वारा कलश के माध्यम से कार्यक्रम के जरिए महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में उपखण्ड अधिकारी अनिल सिंघल, जिला परिषद सदस्य मौसम मीना, तहसीलदार सौरभ गुर्जर, खण्ड विकास अधिकारी कालूराम, आत्मरक्षा प्रशिक्षक आशा सुमन, बाल विकास परियोजना अधिकारी जगमाल मीना सहित प्रबुद्ध व्यक्ति एवं बडी संख्या में महिलाएं उपस्थित रही।

Jaipur Times जयपुर टाइम्स के साथ आप नवीनतम हिंदी समाचार प्राप्त कर सकते हैं। आप अपने विज्ञापन को राजस्थान में प्रकाशित कर सकते हैं।