युवा महोत्सव में विजेता रहने वाले प्रतिभावान युवाओं को भारत भ्रमण का मिलेगा अवसर - युवा बोर्ड अध्यक्ष लाम्बा
युवा महोत्सव में राजस्थान की कला-संस्कृति का आदान-प्रदान होगा - सीकर विधायक पारीक
सीकर । संभाग स्तरीय शेखावटी युवा महोत्सव का उद्घाटन मंगलवार मुख्य अतिथि राजस्थान युवा बोर्ड के अध्यक्ष सीताराम लाम्बा, सीकर विधायक राजेन्द्र पारीक के सानिध्य में एसके मेडिकल कॉलेज सांवली सीकर में हुआ, जिसमें सीकर सहित जयपुर, झुंझुनूं, अलवर, दौसा, के 15 से 29 वर्ष के प्रतिभाशाली युवाओं ने 30 से अधिक विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया। एसके मेडिकल कॉलेज में आयोजित हुए कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी अंगे्रजी माध्यम स्कूल की छात्राओं ने राजस्थानी गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दी।
कार्यक्रम में राजस्थान युवा बोर्ड अध्यक्ष सीताराम लाम्बा ने अपने वक्तव्य में कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मंशा अनुसार युवा प्रतिभाओं को स्वयं के परखने का अवसर देने और प्रतिभाओं को निखारने के लिए प्रदेशभर में युवा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवा महोत्सव आयोजन करने का मुख्य उद्देश्य राजस्थान की विलुप्त होती कलाओं का संरक्षण करना तथा युवाओं का सर्वागींण विकास करना है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने युवाओं के सर्वागींण विकास के लिए 500 करोड रुपए की राशि से युवा कल्याण कोष का गठन किया है। प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार ली जाने वाली रजिस्ट्रेशन फीस को पूर्णतया हटाकर अब वन टाइम रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को लागू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अनुप्रति कोचिंग योजना के तहत निम्न आय वर्ग के 30 हजार विद्र्याथियों को निःशुल्क कोचिंग मिलेगी। हर जिले में युवाओं के लिए यूथ हॉस्टल का निर्माण किया जा रहा है।
युवा बोर्ड अध्यक्ष लाम्बा ने बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में आगामी दिनों में ग्रामीण और शहरी ओलंपिक खेलों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 15 से 29 वर्ष के बच्चों के सर्वागींण विकास और उनकी प्रतिभाओं को निखारने के लिए 75 करोड़ रूपये के बजट का प्रावधान किया है। जिसके तहत 10 हजार बच्चों को देश भ्रमण करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले निम्न आय वर्ग के विद्र्याथियों के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में राजस्थान सरकार द्वारा 300 करोड रुपए की लागत से नेहरू ट्रांजिट हॉस्टल का निर्माण किया जा रहा है जिसमें 500 बच्चों का रहना और खाना निःशुल्क रहेगा।
सीकर विधायक राजेंद्र पारीक ने इस अवसर पर कहा की युवा सृजन की और मुड़े और देश निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान देवें। उन्होंने कहा कि राजस्थान युवा बोर्ड द्वारा आयोजित किए जा रहे इस महोत्सव में कला, संस्कृति का आदान-प्रदान होगा तथा युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का मौका मिलेगा।


