Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

दिल्ली, हरियाणा, गुजरात और महाराष्ट्र से बढ़ी कनेक्टिविटी, राजस्थान का यह शहर बना देश का नया एग्री कॉरिडोर

दिल्ली, हरियाणा, गुजरात और महाराष्ट्र से बढ़ी कनेक्टिविटी, राजस्थान का यह शहर बना देश का नया एग्री कॉरिडोर

Rajsthan Agri Corridor : देश में नए नेशनल हाईवे विकसित होने के साथ ही एग्री कॉरिडोर विकसित होने लगे है। ऐसा ही देश का नया एग्री कॉरिडोर राजस्थान के कोटा में विकसित हो गया है। कोटा की हाड़ौती की धरती अब केवल कृषि उत्पादन के लिए ही नहीं, बल्कि कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण और कारोबार के बड़े केंद्र के रूप में भी अपनी पहचान बनाने की तैयारी में है। दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे की कनेक्टिविटी ने कोटा और आसपास के जिलों के लिए विकास की नई संभावनाएं खोल दी है। सड़क और रेल नेटवर्क की मजबूती के साथ अब कोटा देश के नए एग्री कॉरिडोर के रूप में उभरने लगा है।

देश के बड़े कारोबारी और औद्योगिक घरानों ने कोटा में अपने केन्द्र स्थापित कर लिए है। यहां से खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों के लिए रॉ मेटेरियल खरीद रहे हैं। बड़े खरीददारों के आने से किसानों को अपनी उपज का अच्छा दाम मिलने लगा है। इसके चलते मध्यप्रदेश, गुजरात के किसान कोटा में कृषि जिन्स बेचने आने लगे है। देश की प्रमुख कृषि उपज मंडियों में शुमार भामाशाहमंडी कृषि जिन्सों से फुल चल रही है।

स्थिति यह है कि मंडी के बाहर एक-डेढ़ किलोमीटर लम्बी कतार में किसान अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। हाड़ौती अंचल के कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ जिले कृषि उत्पादन के लिहाज से महत्वपूर्ण है। यहां गेहूं, धान, सोयाबीन, सरसों, धनिया, लहसुन, संतरा और अन्य कृषि उत्पादों का बड़ा उत्पादन होता है। कोटा संभाग प्रदेश में सबसे अधिक नहरी सिंचित क्षेत्र है। इस कारण अलनीनो भी यहां बेअसर रहा है। खरीफ में चंबल की नहरों में जल प्रवाह होने से इस बार धान का बंपर उत्पादन हुआ है।

भामाशाहमंडी के विस्तार की तैयारी

भामाशाह कृषि उपज मंडी वर्तमान में 47.947 हेक्टेयर में फैली है। नया एग्री कॉरिडोर बनने के साथ ही कृषि जिन्स की जबरदस्त आवक से मंडी छोटी पड़ने लगी है। इसलिए 73 हैक्टेयर में विस्तार की तैयारी चल रही है। वन भूमि चिह्नित हो चुकी है। वन एवं पर्यावरण मंत्रालय की अंतिम स्वीकृति के लिए पत्रावली भेज दी है।

ऐसे बन रहा एग्री कॉरिडोर

दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे से दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र सीधे कनेक्ट हो रहे हैं। इसमें कोटा बीच में पड़ रहा है। राजस्थान के अलावा मध्यप्रदेश और गुजरात के किसान व कारोबारी कृषि जिन्स यहां बेचने ला रहे हैं। जबकि दिल्ली, हरियाणा और महाराष्ट्र के औद्योगिक घराने खाद्यान्न खरीदने के लिए यहां आ रहे हैं।

एक्सप्रेस-वे बनेगा कारोबार की नई लाइफलाइन

दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे की कोटा-बूंदी क्षेत्र से कनेक्टिविटी इस बदलाव का सबसे बड़ा आधार है। इससे दिल्ली-एनसीआर, मध्यप्रदेश, गुजरात और मुम्बई जैसे बड़े व्यापारिक बाजारों तक माल पहुंचाने में सुविधा मिलने लगी है। कृषि उत्पादों की समय पर आपूर्ति संभव हो रही है। विशेषकर फल, सब्जियां, मसाले और प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों के कारोबार को इसका सीधा फायदा मिलने वाला है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि दिल्ली-मुंबई औद्योगिक कॉरिडोर से जुड़े होने के कारण यहां से देश के बड़े बाजारों तक उपज पहुंचाना आसान होगा और किसानों को बेहतर मूल्य मिल सकेगा। भामाशाहमंडी का विस्तार हाड़ौती के किसानों के भविष्य को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। आने वाले वर्षों में यह देश की सबसे आधुनिक कृषि मंडियों में शामिल होगी। हाड़ौती में एग्रो इंडस्ट्री पार्क शुरू करने की योजना तैयार की जा रही है।

कोटा के ग्रेन एंड सीड्स मर्चेन्ट्स एसोसिएशन अध्यक्ष अविनाश राठी ने कहा कि दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस वे चालू होने के बाद कोटा देश का नया एग्री कॉरिडोर बन गया है। माल खरीदारी के लिए बड़ी कम्पनियों ने यहां अपना सेटअप बना दिया है। मंडी के विस्तार की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है।

आगे पढ़ें

ताज़ा खबरें, एक के बाद एक

स्क्रॉल करते रहें, अगली खबर अपने आप खुलेगी।

खाटूश्यामजी भक्तों को मिलेगा तीसरा रेल रूट, रींगस का भार घटाने के लिए विकसित होगा नया रेल स्टेशन