Bhilwara News: भीलवाड़ा जिले में मुफ्त गेहूं का लाभ ले रहे अपात्र परिवारों के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग अब एक्शन मोड में आ गया है। जिले में ऐसे परिवारों की पहचान कर अब घर-घर जाकर जांच होगी। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में सही लाभार्थियों की पहचान के लिए खाद्य विभाग ने भीलवाड़ा जिले में गिव अप 2.0 अभियान का दूसरा चरण शुरू किया है। इसके तहत अपात्र परिवारों को योजना से बाहर करने और जरूरतमंद परिवारों को जोड़ने पर जोर दिया जाएगा। बता दें कि भीलवाड़ा जिले में जिला रसद अधिकारी विजेन्द्र पाल के नेतृत्व में प्रवर्तन अधिकारियों की टीमों द्वारा अधिक लाभार्थियों वाले शहरी वाडों में पहुंचकर सर्वे किया जा रहा हैं।
अधिकारियों को मौके पर जाकर सत्यापन करने हेतु जारी हुए आदेश
भीलवाड़ा में पात्र परिवारों को गेहूं लेने की स्कीम से बाहर करने के लिए विभाग ने अधिकारियों को मौके पर जाकर सत्यापन करने हेतु आदेश जारी किए हैं। अपात्र परिवारों के खिलाफ यह अभियान अक्टूबर से दिसंबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान अधिकारियों को दफ्तर में बैठकर फाइलें निपटाने के बजाय मौके पर जाकर सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सर्वे के दौरान अधिकारियों को जीपीएस लोकेशन और तारीख वाली तस्वीरों के साथ रिपोर्ट भेजने के आदेश भी जारी हुए हैं। विभाग का यह कार्रवाई करने के पीछे मुख्य उद्देश्य सरकारी राशन का लाभ वास्तविक और जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाना है।
भीलवाड़ा में अपात्र परिवारों को दिया जाएगा नोटिस
भीलवाड़ा में मुफ्त गेहूं ले रहे अपात्र परिवारों को लाभ से वंचित करने हेतु कानूनी नोटिस देकर सूची से बाहर किया जाएगा। इस अभियान के तहत अपात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें गिव-अप के लिए प्रेरित किया जा रहा है। बता दें कि अफसरों ने भीलवाड़ा, गुलाबपुरा और मांडलगढ़ में घर-घर जाकर 668 सदस्यों का सत्यापन किया। इनमें भीलवाड़ा वार्ड 36 के 413, गुलाबपुरा वार्ड 6 के 125 और मांडलगढ़ के वार्ड 6 व 11 के 130 सदस्य शामिल हैं।


