सेल्फी का शौक बना जानलेवा, खदान में डूबने से 18 वर्षीय युवक की मौत
टोंक जिले के निवाई क्षेत्र में सेल्फी लेते समय पैर फिसलने से सवाई माधोपुर के युवक की मौत हो गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने मुआवजे और सुरक्षा की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
सवाई माधोपुर। टोंक जिले के निवाई-बरौनी क्षेत्र में स्थित बहड़ गांव के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां सवाई माधोपुर जिले के शिवाड़ कस्बे के रहने वाले 18 वर्षीय विशाल खटीक की गहरे पानी से भरी खदान में डूबने से मौत हो गई। विशाल गुरुवार शाम अपने दोस्तों के साथ खनन क्षेत्र में घूमने गया था। खदान के किनारे सेल्फी लेने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरा।
घटना के तुरंत बाद दोस्तों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों और सिरस चौकी पुलिस को सूचित किया। हालांकि, अंधेरा होने के कारण गुरुवार शाम को रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं किया जा सका। शुक्रवार सुबह पुलिस और ग्रामीणों की मौजूदगी में तलाशी अभियान चलाया गया, जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद विशाल का शव बाहर निकाला जा सका।
शव मिलने के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर देरी का आरोप लगाते हुए घटनास्थल पर ही धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने मांग की कि मृतक के परिवार को उचित आर्थिक सहायता दी जाए, क्षेत्र में चल रहे कथित अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए और ऐसी सभी खुली खदानों के चारों ओर सुरक्षा के लिए तारबंदी सुनिश्चित की जाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बरौनी थाना प्रभारी जयमल सिंह और उपखंड अधिकारी गंभीर सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को सरकारी नियमों के तहत हर संभव सहायता और मुआवजे का भरोसा दिलाया। प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और शव को पोस्टमार्टम के लिए निवाई उप जिला अस्पताल ले जाने पर सहमति बनी।
विशाल की मौत से शिवाड़ कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई है। करीब छह साल पहले पिता को खोने के बाद विशाल ही परिवार का सहारा था और मेहनत-मजदूरी कर घर चला रहा था। उसकी असमय मृत्यु से मां और छोटे भाई का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है।
प्रतिक्रियाएं
टिप्पणियां
अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।
