सवाई माधोपुर में बुजुर्ग महिला पर जानलेवा हमला, दिनदहाड़े घर में घुसकर लूटे चांदी के कड़े
शेरपुर गांव में 75 वर्षीय मथुरा देवी के साथ घर में घुसकर लूटपाट और मारपीट की घटना हुई। बदमाशों ने एक पैर का कड़ा काटा, लेकिन ग्रामीणों के शोर मचाने पर भाग खड़े हुए।
सवाई माधोपुर। कुंडेरा थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में एक बुजुर्ग महिला के साथ हुई लूट और मारपीट की घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। 75 वर्षीय मथुरा देवी अपने घर पर अकेली थीं, तभी अज्ञात बदमाशों ने उन्हें अपना निशाना बनाया। घर में घुसकर बदमाशों ने महिला के पैरों में पहने भारी चांदी के कड़ों को लूटने का प्रयास किया।
आरोपियों ने धारदार हथियार का इस्तेमाल करते हुए एक पैर का कड़ा काटकर उसे अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान महिला के पैर में गंभीर घाव हो गए और वह लहूलुहान हो गईं। बदमाशों ने दूसरे पैर का कड़ा काटने की कोशिश की, लेकिन दर्द और डर के बावजूद मथुरा देवी ने हिम्मत नहीं हारी और जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया।
महिला की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख बदमाश घबरा गए और दूसरे पैर का कड़ा आधा कटा हुआ छोड़कर ही वहां से फरार हो गए। ग्रामीणों की सतर्कता के कारण एक बड़ी वारदात होने से बच गई।
घटना के बाद परिजनों ने घायल मथुरा देवी को उपचार के लिए सवाई माधोपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनके घावों का इलाज किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और पीड़िता से घटना की जानकारी ली।
कुंडेरा थाना प्रभारी दिलीप कुमार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं और क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की पहचान करने और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए सक्रिय हैं। इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रतिक्रियाएं
टिप्पणियां
अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।
