Jaipur Times
ई-पेपरYT
HI/EN
जयपुर टाइम्स
सवाई माधोपुर

सवाई माधोपुर में शातिर चोर गिरफ्तार: 37 मोबाइल बरामद, डिजिटल पेमेंट से भी उड़ाता था रकम

मलारना डूंगर पुलिस ने एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत एक आरोपी को 7 लाख रुपये के चोरी के मोबाइलों के साथ पकड़ा है, जो डिजिटल वॉलेट के जरिए बैंक खातों में सेंध लगाता था।

संवाददाता: जयपुर टाइम्स डेस्क
सवाई माधोपुर में शातिर चोर गिरफ्तार: 37 मोबाइल बरामद, डिजिटल पेमेंट से भी उड़ाता था रकम

सवाई माधोपुर। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत मलारना डूंगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी साजिद खान उर्फ ‘साजिद टूटा’ के कब्जे से अलग-अलग नामी कंपनियों के 37 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई जा रही है। करेल रोड पर मोबाइलों की खेप के साथ पकड़ा: पुलिस के अनुसार फलसावटा गांव और आसपास के क्षेत्र में चोरी के मोबाइलों की खरीद-फरोख्त की शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस टीम संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि साजिद खान चोरी के मोबाइलों की खेप बेचने की फिराक में करेल रोड पर खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने करेल रोड की घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के 37 स्मार्टफोन बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक आरोपी इन मोबाइलों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। चोरी के मोबाइल से डिजिटल पेमेंट में भी सेंधमारी का आरोप: पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी द्वारा चोरी किए गए मोबाइलों का इस्तेमाल डिजिटल पेमेंट से जुड़ी धोखाधड़ी में करने की बात सामने आने का दावा किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी मोबाइल में मौजूद PhonePe, Google Pay और Paytm जैसे डिजिटल पेमेंट ऐप के पिन से छेड़छाड़ कर पीड़ितों के बैंक खातों से रकम निकालता था। पहले भी दर्ज हैं चोरी और नकबजनी के मामले: पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी और नकबजनी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर बरामद मोबाइलों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मोबाइल चोरी के नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस: मलारना डूंगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) और 317(4) के तहत प्रकरण संख्या 240/2026 दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस पूछताछ के आधार पर चोरी के मोबाइलों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस को आगे और मोबाइल बरामद होने की संभावना है।

प्रतिक्रियाएं

0 कुल

टिप्पणियां

0 स्वीकृत

अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।