Jaipur Times
ई-पेपरYT
HI/EN
जयपुर टाइम्स
सवाई माधोपुर

सवाई माधोपुर: चलती ट्रेन में छूटा 11 महीने का मासूम, RPF की तत्परता से लाखेरी में हुआ मिलन

सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन पर एक मां अपने 11 महीने के बच्चे से बिछड़ गई जब ट्रेन अचानक चल पड़ी। आरपीएफ की सक्रियता ने लाखेरी स्टेशन पर बच्चे को सुरक्षित बचाकर मां से मिलवाया।

संवाददाता: माधो सिंह जाटव
सवाई माधोपुर: चलती ट्रेन में छूटा 11 महीने का मासूम, RPF की तत्परता से लाखेरी में हुआ मिलन

सवाई माधोपुर। सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला का 11 महीने का बच्चा ट्रेन में ही छूट गया। महिला बरौनी-बांद्रा अवध एक्सप्रेस में सवार होने की कोशिश कर रही थी। उसने पहले अपने बच्चे और सामान को जनरल कोच के अंदर रखा, लेकिन जैसे ही वह खुद चढ़ने वाली थी, ट्रेन अचानक चल पड़ी। भारी भीड़ और जल्दबाजी के बीच महिला प्लेटफॉर्म पर ही रह गई और ट्रेन अपने मासूम बच्चे को लेकर आगे बढ़ गई।

अपनी आंखों के सामने बच्चे को दूर जाते देख मां घबरा गई और मदद के लिए चिल्लाने लगी। उसने तुरंत प्लेटफॉर्म पर मौजूद स्टेशन स्टाफ और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को पूरी घटना की जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे कंट्रोल रूम को तुरंत सूचित किया गया। अगले स्टेशन लाखेरी (बूंदी) की आरपीएफ और जीआरपी टीम को अलर्ट मैसेज भेजा गया और कोच व सीट की लोकेशन साझा की गई ताकि बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

जैसे ही अवध एक्सप्रेस लाखेरी स्टेशन पहुंची, वहां पहले से तैनात आरपीएफ जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए संबंधित जनरल कोच में प्रवेश किया। जवानों ने बच्चे और उसके सामान को सुरक्षित नीचे उतार लिया। बच्चे के सुरक्षित मिलने की खबर ने स्टेशन प्रशासन को बड़ी राहत दी। इस बीच, सवाई माधोपुर में मौजूद मां को सांत्वना दी गई और उन्हें जोधपुर-इंदौर रणथंभौर एक्सप्रेस से लाखेरी भेजा गया।

लाखेरी स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की और मासूम को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया। अपने बच्चे को सीने से लगाते ही मां की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। महिला ने संकट की इस घड़ी में देवदूत बनकर सामने आए आरपीएफ जवानों और रेलवे प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के लिए हाथ जोड़कर आभार व्यक्त किया। इस घटना ने एक बार फिर रेलवे सुरक्षा बल की तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण को साबित कर दिया है।

प्रतिक्रियाएं

0 कुल

टिप्पणियां

0 स्वीकृत

अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।