Jaipur Times
ई-पेपरYT
HI/EN
जयपुर टाइम्स
धौलपुर

धौलपुर में प्रतिबंध के बावजूद धड़ल्ले से बिक रहे एनर्जी ड्रिंक्स, स्वास्थ्य विभाग की चुप्पी पर सवाल

राजस्थान सरकार द्वारा प्रतिबंधित किए जाने के बावजूद धौलपुर में कैफीनयुक्त एनर्जी ड्रिंक्स की खुलेआम बिक्री जारी है। स्थानीय लोग विभाग की निष्क्रियता पर सवाल उठा रहे हैं।

संवाददाता: जयपुर टाइम्स डेस्क
धौलपुर में प्रतिबंध के बावजूद धड़ल्ले से बिक रहे एनर्जी ड्रिंक्स, स्वास्थ्य विभाग की चुप्पी पर सवाल

धौलपुर। राजस्थान सरकार और खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा भ्रामक दावों और लेबलिंग नियमों के उल्लंघन के चलते कई कैफीनेटेड एनर्जी ड्रिंक्स पर रोक लगाई गई है। राज्य के झुंझुनूं और सीकर जैसे जिलों में प्रशासन ने हजारों बोतलें जब्त कर नमूने जांच के लिए भेजे हैं, लेकिन धौलपुर में स्थिति पूरी तरह विपरीत है। शहर के गुलाब बाग, संतर रोड, जगदीश टॉकीज और राजाखेड़ा बाईपास सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी ये प्रतिबंधित उत्पाद दुकानों पर सरेआम सजाकर बेचे जा रहे हैं।

दुकानदार इन ड्रिंक्स को स्कूली छात्रों और युवाओं को बिना किसी रोक-टोक के उपलब्ध करा रहे हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि जिन उत्पादों पर अन्य जिलों में सख्त कार्रवाई हो रही है, वे धौलपुर के बाजारों में आसानी से मिल रहे हैं। लोगों का कहना है कि विभागीय अधिकारी इस मामले में गहरी नींद में सोए हुए हैं, जिससे निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जिला चिकित्सालय के डॉ. वी.डी. व्यास ने इन ड्रिंक्स के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिक कैफीन युक्त ये पेय पदार्थ बच्चों, किशोरों, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए हानिकारक हो सकते हैं। यही कारण है कि सरकार ने इन भ्रामक दावों वाले उत्पादों के खिलाफ अभियान छेड़ रखा है।

अब सवाल यह उठता है कि धौलपुर का स्वास्थ्य विभाग और खाद्य सुरक्षा तंत्र कब सक्रिय होगा। प्रदेश के अन्य जिलों की तर्ज पर यहां भी प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता है ताकि युवाओं के स्वास्थ्य के साथ हो रहे इस खिलवाड़ को रोका जा सके। स्थानीय लोग अब प्रशासन से त्वरित हस्तक्षेप की उम्मीद कर रहे हैं ताकि बाजारों में बिक रहे इन प्रतिबंधित उत्पादों पर लगाम लगाई जा सके।

प्रतिक्रियाएं

1 कुल

टिप्पणियां

0 स्वीकृत

अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।