दूनी में माली समाज की 255 प्रतिभाओं का सम्मान, शिक्षा और एकता का दिया संदेश

पूर्व कृषि मंत्री डॉ. प्रभुलाल सैनी ने कहा—शिक्षा, संगठन और सामाजिक एकजुटता ही समाज की सबसे बड़ी ताकतदूनी।
अखिल भारतीय माली समाज सेवा संस्थान, जिला टोंक के तत्वावधान में रविवार को दूनी स्थित ओम पेराडाइज में पंचम सर्व माली समाज जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 का भव्य आयोजन किया गया। समारोह सामाजिक एकता, शिक्षा और प्रतिभा सम्मान का ऐतिहासिक आयोजन बन गया। जिलेभर से पहुंचे समाजबंधुओं, महिलाओं, युवाओं और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में शिक्षा, खेल, चिकित्सा, प्रशासन, तकनीकी, प्रतियोगी परीक्षाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली 255 प्रतिभाओं को प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के दौरान उत्साह, अनुशासन और सामाजिक एकजुटता का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रतिभाओं के सम्मान के समय पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। जिला प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी भैरूलाल माली ने बताया कि समारोह का उद्देश्य समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और युवाओं को प्रोत्साहित करना तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा सम्मान से समाज में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और शिक्षा के प्रति नई ऊर्जा का संचार होता है।समारोह के मुख्य अतिथि एवं राजस्थान सरकार के पूर्व कृषि मंत्री डॉ. प्रभुलाल सैनी ने अपने उद्बोधन में कहा कि किसी भी समाज की सबसे बड़ी शक्ति उसकी शिक्षा, एकता और मजबूत संगठन होता है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ राजनीति, प्रशासन, न्यायपालिका, चिकित्सा, तकनीकी और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़कर समाज व राष्ट्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया। डॉ. सैनी ने कहा कि संगठित समाज ही विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकता है। उन्होंने महात्मा ज्योतिबा फुले और क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले को भारत रत्न दिए जाने की मांग को लेकर समाज से लोकतांत्रिक तरीके से एकजुट होकर आवाज बुलंद करने का भी आह्वान किया।समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश संगठन मंत्री प्रहलाद तलाईच, सरपंच मोहनलाल सैनी, लोकेश सैनी, चांदमल डामटिया, रमेशचंद सैनी और सत्यनारायण माली उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रतिभा सम्मान समारोह को समाज की प्रगति और शिक्षा को बढ़ावा देने वाली प्रेरणादायी पहल बताते हुए आयोजकों की सराहना की।कार्यक्रम में माध्यमिक एवं वरिष्ठ माध्यमिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित अभ्यर्थियों, इंजीनियरिंग, चिकित्सा, चार्टर्ड अकाउंटेंसी, शोध, तकनीकी शिक्षा, सरकारी सेवाओं, खेल और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया गया।समारोह का संचालन गणेश तलाईच और गोविंद माली ने संयुक्त रूप से किया। आयोजन को सफल बनाने में जिला संरक्षक प्रहलाद तलाईच के मार्गदर्शन और जिलाध्यक्ष महावीर प्रसाद माली के नेतृत्व में जिला एवं तहसील स्तर के पदाधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर रामराज तलाईच, गोपाललाल तलाईच, प्रहलाद असावरा, प्रहलाद पड़ोलिया, उदालाल डामटिया, सुरेश अजमेरा, गंगाराम बढ़ेरा, प्रेमचंद माली, बाबूलाल अजमेरा, नोरतमल माली, राजेश माली, भैरूलाल माली, सीताराम माली और हरिशंकर माली सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।देवली तहसील अध्यक्ष शिवराज माली, दूनी तहसील अध्यक्ष ओमप्रकाश माली, मालपुरा तहसील अध्यक्ष हंसराज खरटिया और टोडारायसिंह तहसील अध्यक्ष प्रहलाद बढ़ेरा सहित तहसील पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, भामाशाहों और समाजबंधुओं ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया।समारोह के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, भामाशाहों, समाजसेवियों, पदाधिकारियों और समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान केवल उपलब्धियों का अभिनंदन नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का सशक्त संदेश है। ऐसे आयोजन समाज में शिक्षा, संस्कार, संगठन और सामाजिक चेतना को नई दिशा देते हैं।
प्रतिक्रियाएं
टिप्पणियां
अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।
