Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

भगवान रामलला की निकलेगी शाही सवारी, तैयारियों को दिया जा रहा है अंतिम रूप

सरदारशहर। श्रीराम जन्मोत्सव आयोजन समिति द्वारा आयोजित रामनवमी की शोभायात्रा गुरूवार को सुबह 9:15 बजे कच्चा बस स्टैंड से प्रारंभ होगी। शोभायात्रा की तैयारियों में लगे सुरेश वर्मा ने बताया कि राम जन्मोत्सव को लेकर तैयारियां व व्यवस्थायें जोर शोर व उत्साह से चल रही है। समिति के कार्यकर्ता दिन रात परिश्रम कर प्रचार-प्रसार व अन्य तैयारियों को पूर्ण करने में जुटे हुए है। यात्रा के लिए व्यवस्था जुटाने का कार्य अंतिम चरण में है। इस बार की शोभायात्रा में भगवान राम के बाल स्वरूप रामलला की शाही सवारी आकर्षण का केन्द्र रहेगी। सभी प्रभु रामलला के दर्शन करने के लिए अवश्य पधारें। इस बार समिति का आमजन मानस व मातृ शक्ति से भी विशेष आग्रह है कि आप शोभायात्रा के दर्शन करने के लिए पधारें तो सभी पुरुष शुभ्र वस्त्र और साफा पहनें, मातायें-बहनें चुनड़ी की साड़ी पहनकर भगवान राम का स्वागत करने शोभायात्रा में जरूर पधारे। श्री राम जन्मोत्सव पर निकलने वाली शोभायात्रा को लेकर कार्यकर्ता गांव गांव ढाणी ढाणी शहर के घर घर पहुंच कर ज्यादा से ज्यादा संख्या में राम भक्त शोभायात्रा में शामिल हो इसको लेकर निमंत्रण दिया जा रहा है। वहीं साफा वितरण का कार्य भी लगातार जारी है। तहसील क्षेत्र में विशाल श्री राम जन्मोत्सव पर निकलने वाली शोभायात्रा को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। हर साल की भांति इस साल भी राम भक्तों का शोभायात्रा में उमड़ेगा जनसैलाब। राम भक्तों के उत्साह को देखते हुए श्री राम जन्मोत्सव आयोजन समिति के कार्यकर्ताओं द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।