भरतपुर। भरतपुर जिले में एक 13 वर्षीय नाबालिग के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। घटना उस समय सामने आई जब देर रात किशोरी अपने घर से लापता हो गई। परिजनों के अनुसार, बच्ची रात के समय घर से बाहर निकली थी, तभी पड़ोस में रहने वाले कुछ युवकों ने उसे जबरन उठा लिया।
पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि पड़ोस के दो चचेरे भाइयों और उनके साथियों ने मिलकर किशोरी को पास के ही एक मकान में बंधक बना लिया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना का खुलासा तब हुआ जब रात करीब डेढ़ बजे किशोरी के बड़े भाई की नींद खुली और उसने बच्ची को घर में नहीं पाया। इसके बाद परिजनों ने तुरंत उसकी तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान बच्ची पड़ोसी के घर में मिली, जिसके बाद ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर चार युवकों को पकड़ लिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने इन आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, इस दौरान एक आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है। सीईओ कन्हैया लाल चौधरी ने बताया कि पीड़िता के चाचा की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।
पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी करवाया है ताकि साक्ष्यों को मजबूत किया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि किशोरी के बयान और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी दबिश दे रही है और जल्द ही मामले का पूरा खुलासा होने की उम्मीद है।
प्रतिक्रियाएं
टिप्पणियां
अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।

