Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

जयपुर सेंट्रल जेल में बिजली के बोर्ड से मिला स्मार्टफोन और सिम, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

जयपुर सेंट्रल जेल में बिजली के बोर्ड से मिला स्मार्टफोन और सिम, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
जयपुर सेंट्रल जेल में प्रतिबंधित सामान मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।

जयपुर। जयपुर सेंट्रल जेल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। जेल परिसर में जांच के दौरान बिजली के बोर्ड में छिपाकर रखा गया एक स्मार्टफोन, सिम कार्ड और अन्य सामग्री बरामद हुई है। प्रतिबंधित सामान मिलने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले को लेकर लालकोठी थाने में प्रकरण दर्ज कराया गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार जेल परिसर में जांच के दौरान बिजली के बोर्ड के अंदर संदिग्ध सामान छिपा हुआ मिला। जांच करने पर वहां से स्मार्टफोन और सिम कार्ड बरामद हुए। जेल के अंदर मोबाइल फोन और सिम कार्ड पहुंचने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मोबाइल फोन जेल के अंदर किस तरह पहुंचा और इसे बिजली के बोर्ड में किसने छिपाया था। इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मोबाइल का इस्तेमाल किस व्यक्ति द्वारा किया जा रहा था और इसके जरिए किन लोगों से संपर्क किया गया।

मामले में जेल प्रशासन की ओर से भी अपने स्तर पर जांच की जा रही है। जेल के अंदर प्रतिबंधित वस्तुओं की पहुंच रोकने के लिए निगरानी और तलाशी व्यवस्था की समीक्षा किए जाने की संभावना है।

फिलहाल लालकोठी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मोबाइल और सिम जेल के अंदर पहुंचाने तथा इस्तेमाल करने में किन लोगों की भूमिका रही।