अलवर। सरिस्का टाइगर रिजर्व से निकलकर एक टाइगर मंगलवार रात थानागाजी कस्बे के नजदीक पहुंच गया। आबादी वाले क्षेत्र और सड़क के पास टाइगर की मौजूदगी से लोगों में दहशत फैल गई। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर अलवर-जयपुर सड़क मार्ग पर यातायात रोक दिया और वाहनों को दूसरे रास्तों से डायवर्ट किया।
जानकारी के अनुसार टाइगर थानागाजी के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की ओर से होते हुए पुलिस थाने के आसपास के क्षेत्र तक पहुंच गया। रात करीब 9 बजे सड़क पार करते हुए टाइगर को वाहन चालकों ने देखा। इसके बाद सड़क पर चल रहे लोगों ने अपने वाहन रोक दिए। कुछ लोगों ने टाइगर का वीडियो भी बनाया।
टाइगर के कस्बे के पास पहुंचने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें सक्रिय हो गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को टाइगर के नजदीक जाने से रोका और आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी।
स्थिति को देखते हुए अलवर-जयपुर सड़क मार्ग पर यातायात बंद कर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला गया। थानागाजी और आसपास के गांवों में भी लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
सरिस्का वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और टाइगर की गतिविधियों पर निगरानी शुरू की। वन विभाग यह पता लगाने का प्रयास कर रहा है कि टाइगर किस दिशा में आगे बढ़ रहा है और उसके वापस जंगल की ओर जाने की संभावना क्या है।
प्रशासन ने स्थानीय लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। सुबह और शाम घूमने के लिए निकलने वाले लोगों को भी सतर्क रहने और जंगली जानवर के मूवमेंट वाले क्षेत्र से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
फिलहाल पुलिस, वन विभाग और सरिस्का प्रशासन की टीमें टाइगर के मूवमेंट पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। आबादी वाले इलाके में टाइगर की मौजूदगी को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।


