देशभर में बारिश का कहर: गुजरात, एमपी, छत्तीसगढ़ में बाढ़; उत्तराखंड में पुल बहा, हिमाचल में अब तक 82 मौतें

15 राज्यों में जनजीवन प्रभावित, नदियां उफान पर, सैकड़ों सड़कें बंद
नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। गुजरात के नवसारी में पूर्णा नदी के उफान पर आने से 15 से ज्यादा निचले इलाकों में 3-4 फीट तक पानी भर गया है। हजारों घरों में जलभराव से लोगों का जरूरी सामान बर्बाद हो गया है।
मध्य प्रदेश में मंदसौर के गांधी सागर डैम और कटनी में 3 युवक बाढ़ में बह गए। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर और कोरबा में भारी बारिश से कई इलाके डूब गए, हालांकि 17 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में यमुनोत्री हाईवे का पुल तेज बहाव में बह गया, जबकि बद्रीनाथ हाईवे पर लैंडस्लाइड के कारण मार्ग बंद हो गया। हिमाचल में 20 जून से अब तक 19 बार बादल फट चुके हैं और 23 बार बाढ़ आई है। बारिश से जुड़े हादसों में अब तक 82 लोगों की मौत हो चुकी है और 269 सड़कें ठप पड़ी हैं।
उत्तर प्रदेश के नोएडा और अयोध्या समेत कई जिलों में हालात गंभीर हैं। सरयू नदी ने चेतावनी स्तर पार कर लिया है। राजस्थान के झुंझुनूं में सड़क धंस गई और दौसा में दीवार गिरने से एक महिला की मौत हुई।
लगातार बारिश से देश के 15 से अधिक राज्यों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और राहत कार्य जारी हैं।