प्रवीण शर्मा का बसेड़ी आगमन पर लोगों ने किया भव्य स्वागत
जयपुर टाइम्स
धौलपुर(निस)। जिले के छोटे से गाँव बांसरई का नाम अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर गर्व के साथ लिया जा रहा है। ग्राम बांसरई, जिला धौलपुर निवासी भारतीय पैरा एथलीट प्रवीण शर्मा ने एशियन यूथ पेरा गेम्स 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया। दुबई में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रवीण शर्मा ने शॉट पुट में स्वर्ण पदक, डिस्कस थ्रो में स्वर्ण पदक और जैवलिन थ्रो में कांस्य पदक जीतकर भारत के लिए ऐतिहासिक सफलता हासिल की। गाँव बांसरई की मिट्टी में पले-बढ़े प्रवीण की प्रतिभा को पहचानकर उनके दादा रामबाबू शर्मा ने बचपन से ही उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कठिन परिस्थितियों में भी दादा का विश्वास कभी डगमगाया नहीं। परिवार का कहना है कि दादा रामबाबू शर्मा हमेशा कहते थे—
“मेरा पोता एक दिन देश के लिए खेलेगा।” और उनका वही सपना दुबई की धरती पर साकार हो गया। प्रवीण के पिता ब्रजेश शर्मा ने भी बेटे के खेल सफर में हर स्तर पर सहयोग दिया। अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास की सीख देकर उन्होंने प्रवीण को इस मुकाम तक पहुँचाया। प्रवीण शर्मा की अंतरराष्ट्रीय सफलता में GO Sports स्पॉन्सरशिप संस्था की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण रही। संस्था के सहयोग से उन्हें उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरण और बेहतर मार्गदर्शन मिला, जिससे वे एशियाई मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सके।
प्रवीण शर्मा की यह जीत केवल पदकों की नहीं, बल्कि गाँव बांसरई, जिला धौलपुर और पूरे भारत के लिए गर्व का क्षण है। यह कहानी साबित करती है कि अगर दादा की दुआ, पिता का संघर्ष और सही सहयोग मिल जाए, तो गाँव का खिलाड़ी भी विश्व मंच पर तिरंगा लहरा सकता है। उनके बसेड़ी आगमन पर लोगों ने उनका फूल माला व साफा पहनाकर भव्य स्वागत किया। प्रवीण शर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता व परिवार, कोच शक्ति सिंह को दिया। उन्होंने युवाओं को प्रेरणा देते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार में से एक युवा को स्पोर्ट में भाग लेना चाहिए।
विशेष आलेख
दर्शनीय स्थल
E-Magazine
राजस्थान
राष्ट्रीय
अंतरराष्ट्रीय
बिज़नेस
खेल
मनोरंजन
प्रेस विज्ञप्ति