लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राम कथा का श्रवण किया, भगवान राम के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान

जयपुर, 11 अक्टूबर। कोटा जिले के रानपुर स्थित श्री मारुति नंदन आश्रम में शुक्रवार को आयोजित राम कथा में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राम कथा का श्रवण किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्री राम के जीवन और उनके आदर्शों पर चर्चा की।
लोकसभा स्पीकर ने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें इस पावन राम कथा में सम्मिलित होने का अवसर मिला। उन्होंने रानपुर की पवित्र धरती को धन्य बताते हुए कहा कि यहां नियमित रूप से आयोजित होने वाली राम कथा भारतीय संस्कृति और आस्था का प्रतीक है।
ओम बिरला ने भगवान श्री राम और माता सीता के जीवन को त्याग, तपस्या, संघर्ष, शौर्य और सत्य का अद्वितीय उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि श्री राम का जीवन सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने वाला आदर्श जीवन है, जिससे हम सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए।
उन्होंने भगवान राम के जीवन संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि धर्म और सत्य के लिए संघर्ष अनिवार्य होता है, और अंततः जीत सदैव सत्य और धर्म की ही होती है।
लोकसभा अध्यक्ष ने भगवान श्री राम के आदर्शों पर चलने का आह्वान करते हुए कहा कि उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है, और हमें उनके आदर्शों का अनुसरण करना चाहिए।