कांग्रेस के सम्मान समारोह में निकाली नेताओं ने भड़ास, कांग्रेस की गुटबाजी आई सामने

कांग्रेस के सम्मान समारोह में निकाली नेताओं ने भड़ास, कांग्रेस की गुटबाजी आई सामने


अलवर। शहर में युवा कांग्रेस की ओर से शुक्रवार को आयोजित वरिष्ठ कांग्रेसी सम्मान समरोह में कांग्रेस की गुटबाजी सामने आ ही गई। यहां कांग्रेसी नेताओं ने एक दूसरे को जमकर खरीखोटी सुनाई। ऐसे में सभी कहते नजर आए कि आखिर  कार्यक्रम को असफल बना ही दिया।
कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष जगदीश बेनीवाल ने कार्यक्रम में आरोप लगाते हुए कहा कि साढ़े 4 साल में कांग्रेसी नेताओं के बेटे-बहू व पिता के तबादले नहीं हो सके। उनको कह दिया जाता है कि जल्दी तबादला होगा। डिजायर भेज दी जाती है। फिर पीछे से तबादला रुकवा दिया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ पार्टी के नेता यहां तक कह देते हैं कि पद नहीं मिल रहा इसलिए बोलते हैं। उन्होंने कहा कि नयों को जगह मिलनी चाहिए लेकिन आरोप लगाया कि यहां तो शाम को बीजेपी की शाखा में जाने वाले को सुबह कांग्रेस में पद दे दिया जाता है। ऐसे नेताओं को कांग्रेस की विचारधारा का पता ही नहीं है। उनको भले ही कांग्रेस में पद दे दिया हो लेकिन वे तो बीजेपी को मानते हैं। अलवर शहर में पानी की इतनी किल्लत है लेकिन कोई अधिकारी और नेता तक सुनने वाला नहीं है।
अलवर शहर से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गोपालदास खटीक ने भी आरोप लगाते हुए खरी खरी सुनाते हुए कहा कि कांग्रेस के राज में पुराने नेताओं की कम सुनी गई है। इस समय कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की बात पर ध्यान तक नहीं दिया जा रहा है। अलवर शहर के नगर निगम में तो कांग्रेस का बोर्ड है लेकिन यंहां तो बीजेपी का सभापति बैठा है। आरोप लगाया कि यहां एक बीजेपी का नेता अपनी चला रहा है। यह कांग्रेस के नेताओं के लिए शर्म की बात है।
सम्मान समारोह युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव दीनबंधु शर्मा की ओर से आयोजित किया गया था। जिसमें कैबिनेट मंत्री टीकाराम जूली के अलावा वरिष्ठ नेताओं को बुलाया गया था। इसमें पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह को आना था लेकिन उनको पहले ही संभावित: भनक लग गई थी कि यहां गुटबाजी हावी है तो वे नहीं आए।

मुझे बदनाम कर दिया: कैबिनेट मंत्री टीकाराम जूली ने कहा कि हमने तो मेहनत कर नगर निगम में बोर्ड बनवाया। न मेरा कोई आदमी दफतरों में है। यदि है तो बताओ और हटवा दो लेकिन हमें तो बदनाम मत करो। कुछ काम होते हैं कुछ नहीं होते हैं। एक दायरे में काम होते हैं। 500 काम हुए हैं तो 5 काम नहीं हुए होंगे। शहर के हालात ऐसे हैं कि नेता आपस में एक दूसरे के पास बैठते तक नहीं। इसी का फायदा यहां अफसर उठा रहे हैं। इसी का फायदा बीजेपी ने उठाया। लोग हमें लड़ाकर फायदा उठाते हैं। सब लोगों की महत्वकांक्षाएं होती हैं लेकिन एक दूसरे की टांग खिंचाई में सबका नुकसान ही होता है।
यहां कांग्रेसी नेता जोगेन्द्र सिंह कोचर ने सरकार के कामों की सराहना की। कार्यक्रम में कई बार गर्मागर्मी का माहौल बन गया।
इस अवसर पर युवा कांग्रेस के नेता दीनबंधू शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार अपनी नीतियों के कारण लोकप्रिय है। अब हमें आम आदमी के पास मजबूती से जाना है। कार्यक्रम में अजीत यादव, अनिल जैन, योगेश मिश्रा व शीला मीणा ने भी विचार व्यकत किए।