Jaipur Times
ई-पेपर
हिंदी/EN
Login
जयपुर टाइम्स
राजस्थान

खेत की खुदाई में निकली रहस्यमयी प्रतिमा, बाबा खाटू श्याम स्वरूप मान दर्शन को उमड़े श्रद्धालु

धौलपुर जिले के राजाखेड़ा क्षेत्र के मछरिया गांव में खेत की खुदाई के दौरान एक प्रतिमा मिलने से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। ग्रामीण इसे बाबा खाटू श्याम का स्वरूप मान रहे हैं, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।

द्वारा Jaipur Times
खेत की खुदाई में निकली रहस्यमयी प्रतिमा, बाबा खाटू श्याम स्वरूप मान दर्शन को उमड़े श्रद्धालु

धौलपुर। जिले के राजाखेड़ा उपखंड क्षेत्र के मछरिया गांव में खेत की खुदाई के दौरान एक प्रतिमा मिलने से पूरे इलाके में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बन गया। प्रतिमा मिलने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और दर्शन के लिए लोगों का तांता लग गया।

जानकारी के अनुसार मछरिया गांव निवासी किसान राजेश कुमार अपने खेत में सूख चुके निशोड़े (लभेरे) के पेड़ को हटाने के लिए खुदाई करवा रहे थे। इसी दौरान पेड़ की जड़ों के पास से एक प्रतिमा निकली। प्रतिमा के बाहर आते ही आसपास के लोगों में कौतूहल फैल गया और देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में फैल गई।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि प्रतिमा का स्वरूप बाबा खाटू श्याम से मिलता-जुलता प्रतीत होता है। इसी कारण लोग इसे आस्था से जोड़कर देख रहे हैं और श्रद्धापूर्वक दर्शन करने पहुंच रहे हैं। हालांकि प्रतिमा की वास्तविक पहचान, प्राचीनता और ऐतिहासिक महत्व को लेकर अभी तक किसी प्रशासनिक या पुरातत्व विभाग की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

घटना के बाद गांव में धार्मिक माहौल बन गया है। ग्रामीणों का मानना है कि यह किसी शुभ संकेत का प्रतीक हो सकता है। वहीं कई लोग प्रतिमा के दर्शन कर पूजा-अर्चना भी कर रहे हैं।

फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर प्रतिमा की जांच और उसके संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाए जाने की संभावना जताई जा रही है। प्रतिमा मिलने की यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

प्रतिक्रियाएं

0 कुल

टिप्पणियां

0 स्वीकृत

अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।