आग ने उजाड़ा आशियाना: दो कच्चे मकान जले, लाखों की संपत्ति खाक
चूरू जिले के रतनगढ़ तहसील के गौरीसर गांव में खेत की ढाणी में बने दो कच्चे मकानों में आग लगने से अनाज, नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और कृषि उपकरण जल गए। पीड़ित ने करीब 14 लाख रुपये के नुकसान का दावा करते हुए मुआवजे की मांग की है।

रतनगढ़। तहसील के गांव गौरीसर में शनिवार की दोपहर अज्ञात कारणों से खेत में बने दो कच्चे मकान में आग लग गई, जिसके चलते घरेलू व इलेक्ट्रॉनिक्स सामान, सोने-चांदी के आभूषण, नकदी आदि जल गए। इस संदर्भ में पीड़ित ने पुलिस में लिखित रिपोर्ट भी दी है। तहसील के गांव गौरीसर निवासी नंदलाल पुत्र चिम्माराम प्रजापत द्वारा पुलिस में दी रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि वह खेत में ढाणी बनाकर रहता है। उसकी ढाणी में बने कच्चे मकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दो कच्चे मकान में रखा अनाज, सोने-चांदी के आभूषण, कृषि उपकरण, 60 हजार रुपए नकदी जल गए। घटना में पीड़ित को करीब 14 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई।
प्रतिक्रियाएं
टिप्पणियां
अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।
