Jaipur Times
ई-पेपर
हिंदी/EN
Login
जयपुर टाइम्स
जयपुर

भवानी निकेतन में 1000 से अधिक लोगों ने किया योग और ध्यान, ब्राइटर माइंड्स बना आकर्षण

द्वारा Jaipur Times
भवानी निकेतन में 1000 से अधिक लोगों ने किया योग और ध्यान, ब्राइटर माइंड्स बना आकर्षण

जयपुर, 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हार्टफुलनेस संस्था द्वारा आयुष मंत्रालय, भारत सरकार की सहभागिता एवं श्री भवानी निकेतन शिक्षा समिति के सहयोग से भवानी निकेतन कॉलेज परिसर स्थित राज्यवर्धन सिंह इनडोर स्टेडियम में भव्य योग एवं ध्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 1000 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग और ध्यान का अभ्यास किया।

बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ और बड़ी संख्या में प्रतिभागी आयोजन स्थल पर पहुंचे। हार्टफुलनेस के प्रशिक्षकों ने योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान सहित विभिन्न योगिक क्रियाओं का अभ्यास करवाया। प्रतिभागियों ने इन अभ्यासों के माध्यम से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को समझा।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण हार्टफुलनेस ध्यान सत्र रहा, जिसमें उपस्थित लोगों ने आंतरिक शांति, मानसिक संतुलन और आत्मिक ऊर्जा का अनुभव किया। इसके साथ ही ब्राइटर माइंड्स तकनीक का प्रदर्शन भी किया गया, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

ब्राइटर माइंड्स से जुड़े बच्चों ने आंखों पर पट्टी बांधकर केवल स्पर्श और अनुभूति के आधार पर वस्तुओं की पहचान की, कार्ड पढ़कर दिखाए तथा अन्य कई रोचक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को आश्चर्यचकित कर दिया। कार्यक्रम में मौजूद गणमान्य अतिथियों और प्रतिभागियों ने इन प्रस्तुतियों की सराहना की।

प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मन और आत्मा को भी नई ऊर्जा प्रदान करने वाला साबित हुआ। हार्टफुलनेस प्रशिक्षकों ने सरल एवं प्रभावशाली तरीके से ध्यान का अभ्यास करवाते हुए जीवन में मानसिक स्पष्टता, जागरूकता और सकारात्मकता के महत्व पर प्रकाश डाला।

आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य योग को केवल व्यायाम नहीं, बल्कि संतुलित और स्वस्थ जीवनशैली के रूप में स्थापित करना है। आयोजन ने यह संदेश दिया कि योग और ध्यान के माध्यम से व्यक्ति अपने शरीर, मन और आत्मा के बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित कर सकता है।

प्रतिक्रियाएं

1 कुल

टिप्पणियां

0 स्वीकृत

अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।