जिला कांग्रेस कमेटी का आरोप: भाजपा के इशारों पर काम कर रहे पुलिस और प्रशासन

जिला कांग्रेस कमेटी का आरोप: भाजपा के इशारों पर काम कर रहे पुलिस और प्रशासन

अलवर। जिला कांग्रेस कमेटी, अलवर ने सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा पर पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग करने का गंभीर आरोप लगाया। पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, और कांग्रेस जिलाध्यक्ष योगेश मिश्रा ने आरोप लगाया कि रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव में भाजपा द्वारा सरकारी मशीनरी का गलत तरीके से उपयोग किया जा रहा है। जितेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रशासन निर्दोष लोगों को बेवजह गिरफ्तार कर कांग्रेस के प्रभाव वाले क्षेत्रों में भय का माहौल बना रहा है, जिसका उद्देश्य कांग्रेस के मतदाताओं को प्रभावित करना है।

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा नेताओं पर सोशल मीडिया पर जाति और धर्म से जुड़ी भ्रामक पोस्ट कर ध्रुवीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने मांग की कि ऐसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। जूली ने यह भी दावा किया कि रामगढ़ में पूर्व में तैनात पुलिस अधिकारियों द्वारा भाजपा के पक्ष में प्रचार किया जा रहा था।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष योगेश मिश्रा ने भाजपा सरकार पर सत्ता का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अलवर जिला प्रशासन के माध्यम से निर्दोषों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्व. जुबेर खान की सेवा का सम्मान करते हुए रामगढ़ की जनता कांग्रेस के पक्ष में मतदान करेगी।

प्रेस वार्ता में विधायक मांगीलाल मीणा, संजीव बारेठ, रिपुदमन गुप्ता, बबली पंडित, जयसिंह जाटव, और जे.डी. आर्यन समेत कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।