जयपुर। जयपुर के केशव नगर स्थित श्री हरि ओम विद्या पीठ सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित 70वीं एसजीएफआई राज्य स्तरीय रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता का बुधवार को उत्साहपूर्ण समापन हुआ। शिवा स्पोर्ट्स क्लब द्वारा आयोजित यह सात दिवसीय खेल महाकुंभ 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक चला, जिसमें राजस्थान के 34 जिलों से आए 700 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान स्केटर्स ने अपनी गति, तकनीक और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समापन समारोह में आरटीओ इंस्पेक्टर दिनेश ने खिलाड़ियों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी। शारीरिक शिक्षा विभाग के वरिष्ठ उप जिला शिक्षा अधिकारी अखिलेश ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की और उन्हें भविष्य के लिए प्रोत्साहित किया। उप निदेशक संतोष ने भी आयोजन की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर विद्याधर नगर थाना प्रभारी सज्जन सिंह और वार्ड 7 की पार्षद प्रत्याशी पूजा शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने युवाओं के सर्वांगीण विकास में खेलों की भूमिका को रेखांकित किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन का श्रेय विद्यालय के प्राचार्य रामनिवास अजमेरा और ललिता सैनी को जाता है, जिन्होंने अपनी सतत निगरानी और कुशल प्रबंधन से सात दिनों तक चलने वाले इस आयोजन को सुचारु रूप से संपन्न कराया।
शिवा स्पोर्ट्स क्लब के कोच नियाज ने प्रतियोगिता के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और खिलाड़ियों को एक बेहतर प्रतिस्पर्धी वातावरण प्रदान किया। प्रतियोगिता में कुल 28 स्वर्ण, 28 रजत और 28 कांस्य पदक वितरित किए गए। जयपुर, उदयपुर, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर के खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से विशेष छाप छोड़ी और अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया।
समारोह के दौरान प्रतियोगिता को निष्पक्ष बनाने वाले ऑफिशियल्स और रेफरीज़ को भी सम्मानित किया गया। सात दिनों तक चले इस आयोजन ने न केवल प्रदेश के युवा स्केटर्स को एक बड़ा मंच प्रदान किया, बल्कि उनमें प्रतिस्पर्धा और खेल भावना का संचार भी किया। यह प्रतियोगिता भविष्य के लिए राज्य में स्केटिंग के प्रति एक नई ऊर्जा और उत्साह का संचार कर गई है।


