झोटवाड़ा की धानक्या बस्ती में जयपुर हेरिटेज राउंड टेबल ने बदली स्कूल की तस्वीर
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जयपुर हेरिटेज राउंड टेबल के सदस्यों ने धानक्या बस्ती स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में दो नए कक्षा-कक्षों और फर्नीचर का उपहार दिया।

जयपुर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर झोटवाड़ा की धानक्या बस्ती स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में एक विशेष आयोजन किया गया, जहाँ जयपुर हेरिटेज राउंड टेबल के सदस्यों ने शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा योगदान दिया। संस्था ने 15 लाख रुपये की लागत से विद्यालय में दो नए कक्षा-कक्षों का निर्माण करवाया है। इसके साथ ही, सभी विद्यार्थियों के लिए बैठने हेतु फर्नीचर की व्यवस्था भी की गई, जिससे बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन और ध्वजारोहण के साथ हुई। इस अवसर पर जयपुर हेरिटेज राउंड टेबल के डायरेक्टर अंशुल जिंदल, उनकी पत्नी आदिति जिंदल, पूर्व डायरेक्टर निहार गुप्ता, सरिका गुप्ता, महिला विंग अध्यक्ष दीपिका रामपुरिया, नितिन सर्राफ, सारिका सर्राफ, अमित जैन, सागर तांबी, सांत्वना, पीयूष गुप्ता, अजय और कोषाध्यक्ष ईशान शाह उपस्थित रहे। अतिथियों ने बच्चों को बैग और कॉपियाँ वितरित कीं और उनके साथ नाश्ता भी किया।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सदस्यों ने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया। विद्यालय के स्टाफ सदस्य धर्मपाल सिंह के निरंतर प्रयासों और प्रेरणा से ही यह विकास कार्य संभव हो पाया है। उन्होंने न केवल इस कार्य में समन्वय स्थापित किया, बल्कि संस्था के सदस्यों को विद्यालय की अन्य आवश्यकताओं के प्रति भी जागरूक रखा। संस्था ने भविष्य में भी विद्यालय को हर संभव सहायता प्रदान करने का संकल्प लिया है।
विद्यालय की शिक्षिकाओं रतन कंवर, विनिता जिंदल, रजनी पारीक, कृष्णा शेखावत और सरोज ने सभी अतिथियों का माला और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। अंत में, प्रधानाध्यापक संजय ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इस पहल ने स्थानीय समुदाय में शिक्षा के प्रति एक नई उम्मीद जगाई है।
प्रतिक्रियाएं
टिप्पणियां
अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।
