संविधान दिवस: वसुदेव देवनानी ने दी शुभकामनाएं, संविधान को बताया राष्ट्र का सुरक्षा कवच

Nov 25, 2024 - 21:22
 0
संविधान दिवस: वसुदेव देवनानी ने दी शुभकामनाएं, संविधान को बताया राष्ट्र का सुरक्षा कवच

जयपुर, 25 नवंबर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष  वासुदेव देवनानी ने भारतीय संविधान के 75 गौरवशाली वर्ष पूरे होने पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने संविधान को राष्ट्र की आधारशिला और सुरक्षा कवच बताते हुए इसे समय की कसौटी पर खरा उतरने वाला मार्गदर्शक करार दिया।

देवनानी ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे देश की विविधता, परंपराओं और भाषाओं का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने इसे सामाजिक परिवर्तन और आर्थिक विकास की जटिलताओं के बावजूद राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बताया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि गत 75 वर्षों में देश ने अनेक चुनौतियों का सामना किया, जिनमें संविधान ने आशा की किरण बनकर लोकतंत्र और न्याय के लिए मार्ग प्रशस्त किया।

उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण अवसर पर हमें संविधान की मूल भावना को सहेजते हुए मौजूदा असमानताओं को दूर करने और संवैधानिक मूल्यों को सर्वोपरि बनाए रखने के लिए प्रयासरत रहना चाहिए।

 देवनानी ने संविधान दिवस को केवल समारोह का अवसर न मानकर सक्रिय होकर देश के विकास और एकता के लिए समर्पित होने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा लोकतंत्र, समानता और न्याय के प्रति हमारे अटूट संकल्प की प्रतीक है।

Jaipur Times जयपुर टाइम्स के साथ आप नवीनतम हिंदी समाचार प्राप्त कर सकते हैं। आप अपने विज्ञापन को राजस्थान में प्रकाशित कर सकते हैं।