राज्य सरकार की उपलब्धियां प्रदर्शित, सीएम भजनलाल ने दी महिला सुरक्षा को नई दिशा
जयपुर टाइम्स
*यपुर (कासं.) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को जवाहर कला केंद्र में आयोजित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी ‘एक वर्ष-परिणाम उत्कर्ष’ का उद्घाटन किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा किए गए विकास कार्यों और उपलब्धियों का अवलोकन किया। इस प्रदर्शनी में ‘निभाई जिम्मेदारी-हर घर खुशहाली’ का संदेश देते हुए सरकार की योजनाओं और नीतियों को प्रदर्शित किया गया।
मुख्यमंत्री ने जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की तीन नई आवासीय योजनाओं - अटल विहार, गोविंद विहार और पटेल नगर का शुभारंभ किया। इसके साथ ही, पेपर-लेस नाम हस्तांतरण की प्रक्रिया भी शुरू की। उन्होंने कृषि, पशुपालन, शिक्षा, चिकित्सा, नगरीय विकास, महिला व बाल विकास सहित अन्य विभागों के कार्यों की सराहना करते हुए अधिक जागरूकता फैलाने पर जोर दिया।
महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सीएम ने 150 कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, 101 एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस, 25 पुलिस पेट्रोलिंग वाहन और 22 इंटरसेप्टर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल से राज्य में सुरक्षा और शांति को मजबूती मिलेगी।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने राज सखी (सरस) राष्ट्रीय मेले का उद्घाटन करते हुए जीआई टैग वाले उत्पादों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। मेले में राजस्थान की ब्लूपॉटरी, मीनाकारी और जम्मू की पश्मीना शॉल जैसी कलाकृतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर, सामाजिक न्याय मंत्री अविनाश गहलोत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और आमजन उपस्थित रहे। प्रदर्शनी और समारोह ने राज्य की विकास यात्रा और भविष्य के संकल्पों को उजागर किया।
विशेष आलेख
दर्शनीय स्थल
E-Magazine
राजस्थान
राष्ट्रीय
अंतरराष्ट्रीय
बिज़नेस
खेल
मनोरंजन
प्रेस विज्ञप्ति