राज्यपाल ने अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के 26वें राष्ट्रीय अधिवेशन का किया शुभारंभ कहा— सैनिक कभी पूर्व नहीं होता, राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका सदैव जीवंत

Dec 21, 2025 - 13:11
 0
राज्यपाल ने अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के 26वें राष्ट्रीय अधिवेशन का किया शुभारंभ कहा— सैनिक कभी पूर्व नहीं होता, राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका सदैव जीवंत

जयपुर, 20 दिसंबर। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने शनिवार को आर्मी एरिया ऑडिटोरियम में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के 26वें राष्ट्रीय अधिवेशन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सैनिक कभी पूर्व नहीं होता। सेना की वर्दी उतारने के बाद भी वह राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाता है। सैनिक शब्द मात्र ही रगों में जोश भरने वाला है और उसका जीवन मां भारती के प्रति सर्वस्व समर्पण का प्रतीक है।

राज्यपाल ने पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारजनों के कल्याण, सम्मान और सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार किया जाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक पूर्व सैनिक लाभान्वित हो सकें। उन्होंने सामाजिक सेवा, राष्ट्रीय एकता और युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करने में परिषद की भूमिका की सराहना की।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह-प्रचार प्रमुख प्रदीप जोशी ने बदलते वैश्विक परिदृश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज वैचारिक और सभ्यताओं का संघर्ष स्पष्ट रूप से सामने है। ऐसे समय में समाज को जागरूक करना और सकारात्मक दिशा देना आवश्यक है, जिसमें पूर्व सैनिकों की भूमिका निर्णायक है।

परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल वी.के. चतुर्वेदी ने स्वागत उद्बोधन में राजस्थान को वीरों की धरती बताते हुए संगठन की राष्ट्रसेवा की परंपरा को रेखांकित किया। वहीं लेफ्टिनेंट जनरल एच.एस. वांद्रा ने ग्रे जोन वारफेयर में वेटरन्स की अहम भूमिका पर प्रकाश डाला।

समारोह में देशभर से आए पूर्व सैनिकों, रक्षा विशेषज्ञों और समाज के प्रतिनिधियों ने भाग लिया तथा परिषद की स्मारिका का लोकार्पण भी किया गया।

Jaipur Times जयपुर टाइम्स के साथ आप नवीनतम हिंदी समाचार प्राप्त कर सकते हैं। आप अपने विज्ञापन को राजस्थान में प्रकाशित कर सकते हैं।