फुलेरा में 48 घंटे की बजाय 72 घंटे में जलापूर्ति, जनता में आक्रोश

Nov 15, 2024 - 21:28
 0
फुलेरा में 48 घंटे की बजाय 72 घंटे में जलापूर्ति, जनता में आक्रोश

फुलेरा (राजकुमार देवाल), 15 नवंबर। कस्बे में जलापूर्ति की अनियमितता को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष व्याप्त है। तीन-चार माह से जलदाय विभाग की ओर से जलापूर्ति 48 घंटे के अंतराल की बजाय अब 72 घंटे के अंतराल पर हो रही है, जिससे आम जनता को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। 

लोगों का कहना है कि पहले पेयजल आपूर्ति नियमित रूप से 48 घंटे में होती थी, लेकिन अब यह व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो गई है। जलापूर्ति की अनियमितता के कारण उन्हें प्रति टैंकर 400 रुपये खर्च करके पानी खरीदना पड़ रहा है, जो आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए बहुत ही कठिन है। इन परिस्थितियों में उन्हें बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। 

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जलदाय विभाग के अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत कराए जाने के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जलापूर्ति की समस्या शीघ्र हल नहीं होती है, तो वे आंदोलन का रुख अपनाने को मजबूर होंगे।

जलदाय विभाग के कनिष्ठ अभियंता ज्योति ने बताया कि बीसलपुर परियोजना से कम पानी मिलने के कारण 48 घंटे की बजाय 72 घंटे में जलापूर्ति की जा रही है।

Jaipur Times जयपुर टाइम्स के साथ आप नवीनतम हिंदी समाचार प्राप्त कर सकते हैं। आप अपने विज्ञापन को राजस्थान में प्रकाशित कर सकते हैं।