मत्स्य उत्सव के दूसरे दिन रंगारंग कार्यक्रमों ने बिखेरे रंग 

मत्स्य उत्सव के दूसरे दिन रंगारंग कार्यक्रमों ने बिखेरे रंग 


मेहंदी-रंगोली प्रतियोगिता से शोभायात्रा तक, सागर पर दीपदान ने खींचा ध्यान 

अलवर। मत्स्य उत्सव के दूसरे दिन जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों ने आमजन का ध्यान आकर्षित किया। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि इन कार्यक्रमों में जनता ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आयोजन को सराहा।  

योगा फॉर ऑल का संदेश  
कम्पनी बाग में आयुर्वेद विभाग द्वारा "योगा फॉर ऑल" कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें योग प्रशिक्षकों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए लोगों को योगाभ्यास कराया। कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त जितेंद्र सिंह नरूका और अन्य अधिकारीगण शामिल हुए।  

प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा 
पुराने सूचना केंद्र में मेहंदी, रंगोली और पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। विद्यार्थियों ने पारंपरिक डिजाइनों और विषयों पर आधारित रचनात्मकता का परिचय दिया। पेंटिंग में "जल ही जीवन", "ग्रीन एंड क्लीन अलवर", और "अलवर के पर्यटन स्थल" जैसे विषयों पर छात्रों ने अपनी कला प्रदर्शित की।  

लोक संस्कृति से सजी शोभायात्रा 
होप सर्कस से शुरू हुई शोभायात्रा शहर के मुख्य बाजारों से होते हुए सागर जलाशय पर समाप्त हुई। कच्छी घोड़ी, चकरी, गैर और भांगड़ा जैसे नृत्य दलों ने लोक संस्कृति के रंग बिखेरे। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में भाग लिया, जो यात्रा का मुख्य आकर्षण रहा।  

सागर पर दीपदान ने बढ़ाई शोभा 
सागर जलाशय पर दीपमाला कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में आमजन और अधिकारियों ने दीपदान कर जिले की खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम की भव्यता और उत्साह ने मत्स्य उत्सव के इस दिन को यादगार बना दिया।