हर्षोल्लास के साथ मनाया गया रंगों का त्यौंहार होली 

Mar 8, 2023 - 15:20
 0
हर्षोल्लास के साथ मनाया गया रंगों का त्यौंहार होली 


सुजानगढ़ (नि.सं.)। होली का पर्व शहर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया है। होलिका दहन अलसुबह किया गया। नगरपरिषद की ओर से होली धोरा में होलिका दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां पर सभापति निलोफर गौरी, उप सभापति अमित मारोठिया, पार्षद निर्मला तोदी, कांग्रेस नेता प्रदीप तोदी आदि लोगों ने विधि विधान के साथ पूजन किया। उसके बाद 5 बजकर 51 मिनट पर होलिका दहन किया गया। हजारों की संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल हुए और प्रतीकात्मक रूप से भक्त प्रहलाद को बचा लिया गया, जबकि होलिका का दहन हो गया। कानून व्यवस्था के मध्यनजर सीआई मुकुट बिहारी मीणा के नेतृत्व में पुलिस जाप्ते की तैनातगी भी रही।
 इसके बाद गांधी चौक में सैंकड़ों की संख्या में लोग एकत्रित हुए और गुलाल की सामूहिक होली खेली। बड़ी संख्या में महिलाएं भी इस उत्सव में शामिल हुईं। इस अवसर पर चंग की थाप पर होली के भजन गाये गये और लोगों ने एक दूसरे को रंग लगाकर होली की बधाईयां दीं। दूसरी ओर चंग की थाप पर होली के रसियों द्वारा नृत्य भी किया गया। इसी प्रकार गली मोहल्लों में भी रंगों के साथ लोगों ने गैर खेली। इससे पहले शुभ मुहूर्त में घर-घर में होलिका दहन से पहले विधि विधान के साथ पूजा अर्चना कर भोग भी लगाया गया। बच्चों ने भी एक दूसरे को रंगकर होली मनाई।
 दूसरी ओर विधायक मनोज मेघवाल के घर दो दिनों से लगाता रामा-श्यामा करने के लिए आने वाले लोगों का तांता लगा हुआ है। शहर के साथ-साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्र के कार्यकर्ता और नेता भी विधायक आवास पर पहुंचे और होली की रामा-श्यामा की। वहीं विधायक ने भी लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं। 
 दूसरी ओर तीन दिनों से लगातार ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की होली भी मंगलवार को हुई और सदर व कोतवाली थाने दोनों जगहों पर पुलिसकर्मियों ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली खेली और होली के परंपरागत गानों पर नृत्य भी किया। इस दौरान उप पुलिस अधीक्षक रामप्रताप विश्नोई, सीआई मुकुट बिहारी मीणा, सदर थानाधिकारी मनोज कुमार मूंड भी पुलिस के जवानों के साथ होली के रंग में रगे। 

Jaipur Times जयपुर टाइम्स के साथ आप नवीनतम हिंदी समाचार प्राप्त कर सकते हैं। आप अपने विज्ञापन को राजस्थान में प्रकाशित कर सकते हैं।