Jaipur Times
ई-पेपरYT
HI/EN
जयपुर टाइम्स
जयपुर

पुनाना के चमत्कारेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों भक्तों ने लिया प्रसादी का लाभ

हरमाड़ा क्षेत्र के पुनाना गांव स्थित प्राचीन चमत्कारेश्वर महादेव मंदिर में शुक्रवार को वार्षिक भंडारे और धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

संवाददाता: जयपुर टाइम्स डेस्क
पुनाना के चमत्कारेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों भक्तों ने लिया प्रसादी का लाभ

जयपुर। हरमाड़ा क्षेत्र के निकट पुनाना गांव स्थित प्राचीन चमत्कारेश्वर महादेव मंदिर में शुक्रवार को भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर में आयोजित वार्षिक भंडारे और धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। आसपास के गांवों से आए हजारों भक्तों ने भगवान शिव के दर्शन किए और जलाभिषेक कर अपनी आस्था प्रकट की।

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान चमत्कारेश्वर महादेव के रुद्राभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद आयोजित भजन संध्या में कलाकारों ने शिव महिमा का गुणगान किया, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो गया। भजनों की मधुर प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु भक्ति के रंग में सराबोर होकर झूमते नजर आए। दिन भर मंदिर परिसर में बम-बम भोले के जयकारे गूंजते रहे।

आयोजकों ने बताया कि यह विशाल भंडारा हर वर्ष ग्रामीणों के सहयोग और जनसहभागिता से आयोजित किया जाता है। स्थानीय लोगों की इस मंदिर के प्रति गहरी आस्था है और उनका मानना है कि सच्चे मन से की गई आराधना से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। यही कारण है कि हर साल यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।

भंडारे के दौरान अनुशासित व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। युवाओं, महिलाओं और ग्रामीणों ने सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर योगदान दिया, जिससे हजारों लोगों को भोजन और पेयजल की सुविधा बिना किसी परेशानी के उपलब्ध कराई गई। आयोजन की सफलता में स्थानीय भामाशाहों और ग्रामीणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

देर शाम महाआरती के साथ धार्मिक आयोजन का समापन हुआ। इस अवसर पर रामलाल, आनंदीलाल, हनुमान सहाय, कालूराम, मुरलीधर, मदनलाल घिरल और मंदिर के पुजारी सीताराम घिरल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रसादी वितरण के साथ संपन्न हुए इस आयोजन ने क्षेत्र में आपसी भाईचारे और धार्मिक एकता का संदेश दिया।

प्रतिक्रियाएं

0 कुल

टिप्पणियां

0 स्वीकृत

अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।