Jaipur Times
ई-पेपरYT
HI/EN
जयपुर टाइम्स
जयपुर

गौनंदी धाम गौशाला में 121 आम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए, 11 वर्षों तक संरक्षण का लिया संकल्प गुप्त नवरात्र स्थापना पर आयोजित हुआ पौधारोपण कार्यक्रम, डॉ. गोरधन लाल शर्मा ने जन्मदिन पर लगाई पंचवटी

संवाददाता: जयपुर टाइम्स डेस्क
गौनंदी धाम गौशाला में 121 आम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए, 11 वर्षों तक संरक्षण का लिया संकल्प गुप्त नवरात्र स्थापना पर आयोजित हुआ पौधारोपण कार्यक्रम, डॉ. गोरधन लाल शर्मा ने जन्मदिन पर लगाई पंचवटी

चाकसू/जयपुर। गुप्त नवरात्र स्थापना के अवसर पर गौ नन्दी धाम गौशाला, खेजड़ी बुजुर्ग, चाकसू में नेचर वेलफेयर काउंसिल (भारत) एवं वाइटलकेयर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर आगामी 11 वर्षों तक उनके संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नेचर वेलफेयर काउंसिल (भारत) के चेयरमैन सर्वेश्वर शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान से प्रेरित होकर देशभर में बड़े स्तर पर पौधारोपण और उनके दीर्घकालीन संरक्षण की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य नागरिकों के सहयोग से व्यापक पौधारोपण करते हुए वर्ष 2070 तक शून्य कार्बन उत्सर्जन के लक्ष्य में योगदान देना है। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम चार पौधे लगाकर 11 वर्षों तक परिवार के सदस्य की तरह उनकी देखभाल करनी चाहिए।

सर्वेश्वर शर्मा ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण सूखा, बाढ़, भूस्खलन, असमय ओलावृष्टि और तापमान वृद्धि जैसी समस्याएं लगातार गंभीर होती जा रही हैं। इन चुनौतियों से निपटने के लिए केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों का नियमित संरक्षण भी आवश्यक है।

121 आम के पौधों के साथ लगाए विभिन्न प्रजातियों के वृक्ष

कार्यक्रम के दौरान गौशाला परिसर में 121 आम के पौधों के साथ बड़, गूलर, पीपल, अमरूद, लहसुआ, शीशम, नीम, जामुन और गुलमोहर सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। गौशाला के निकट बड़ा बांध होने के कारण यहां पर्याप्त जल उपलब्ध है। यह क्षेत्र विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों के प्रजनन और प्राकृतिक आवास के लिए भी अनुकूल माना जाता है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी गौनंदी धाम गौशाला में सुशांति फाउंडेशन के सहयोग से सघन पौधारोपण अभियान चलाया गया था, जिसके अंतर्गत विभिन्न प्रजातियों के लगभग 1500 पौधे लगाए जा चुके हैं।

जन्मदिन पर पंचवटी लगाकर लिया संरक्षण का संकल्प

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में राजस्थान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अतिरिक्त निदेशक प्रशासन एवं आरएएस अधिकारी डॉ. गोरधन लाल शर्मा उपस्थित रहे। संयोगवश कार्यक्रम के दिन उनका जन्मदिन भी था। इस अवसर पर उन्होंने पंचवटी लगाकर 11 वर्षों तक पौधों के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लिया।

डॉ. शर्मा ने कहा, “हम प्रकृति के कर्जदार हैं। आने वाली पीढ़ियों को ध्यान में रखते हुए हमें प्रकृति से लिया गया ऋण ब्याज सहित लौटाना चाहिए।”

‘वृक्षो रक्षति रक्षितः—हर मंदिर, हरित मंदिर’ का संदेश

‘वृक्षो रक्षति रक्षितः—हर मंदिर, हरित मंदिर’ की भावना के साथ आयोजित कार्यक्रम में वाइटलकेयर फाउंडेशन के चेयरमैन प्रवीण शर्मा ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने पौधे लगाने के साथ 11 वर्षों तक उनके संरक्षण का संकल्प लेने को सराहनीय और अनुकरणीय पहल बताया।

पौधारोपण एवं संरक्षण-संवर्धन कार्यक्रम में वृक्ष मित्र बसंत स्वामी, शिक्षाविद श्रीचंद शर्मा, समाजसेवी मनीष अग्रवाल, अंशुल शर्मा और गौसेवक विक्रम मीना सहित अन्य लोगों ने पौधारोपण कर सहभागिता निभाई।

प्रतिक्रियाएं

1 कुल

टिप्पणियां

0 स्वीकृत

अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।