बैठक के साथ ही हुआ हंगामा, पार्षदों ने लगाए आरोप - नगर निगम बनने के बाद प्रताप ऑडिटोरियम में हुई पहली बैठक

Sep 1, 2023 - 16:00
 0

अलवर। नगर निगम अलवर की साधारण सभा की बैठक शुक्रवार को प्रताप ऑडिटोरियम में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर घनश्याम गुर्जर ने की। इस मौके पर शहर विधायक संजय शर्मा और निगम आयुक्त मनीष कुमार फौजदार मौजूद रहे। शहर के विकास सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर आयोजित की गई, जिसमें शहर की अनेक समस्याओं पर पार्षदों ने महापौर व आयुक्त पर आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
नगर निगम अलवर की बैठक सुबह 11 बजे प्रारंभ होकर शाम करीब 5.15 बजे तक चली। बैठक के दौरान सफाई कर्मचारियों के नियमितीकरण, सफाई ठेके और रोशनी व्यवस्था सहित कई मुद्दों पर पार्षदों ने अपने विचार रखे। बैठक के दौरान पार्षदों द्वारा चाही गई जानकारी और सुझावों के अनुसार महापौर घनश्याम गुर्जर और निगम आयुक्त मनीष कुमार ने आगामी कार्यवाही का भरोसा दिलाया। महापौर घनश्याम गुर्जर ने बताया कि विभिन्न बिंदुओं पर दिए गए सुझावों को मिनट में शामिल कर लिया गया है और इसी के आधार पर विकास कार्यों को गति दी जाएगी।
वही बोर्ड के कुछ सदस्यों के बैठक में नहीं आने पर उन्होंने कहा कि शहर की विकास को लेकर सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और बैठक में उपस्थित होकर सभी को अपने सुझाव देने चाहिए, ताकि विकास को गति दी जा सके।
बैठक के समापन पर मनोनीत पार्षद गणों का निगम महापौर घनश्याम गुर्जर और आयुक्त मनीष कुमार द्वारा बुके और माल्यार्पण करके अभिनंदन किया गया।
- इन पार्षदों ने लगाए आरोप
पार्षद कैलाश कोली ने आरोप लगाते हुए कहा उनके वार्ड में चार साल से एक रुपए का विकास का काम नहीं कराया। कमिश्नर सलीके से बात तक नहीं करते। वे एमएलए से विकास कराने की धमकी देते रहे। क्या मेरे वार्ड में मोाहब्बत की दुकान चलाने वालों ने काम रोक रखा है। दूसरे पार्षद ने भी आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पास पडोस में दो महीने पहले बनी रोड टूट गई। फिर उसी ठेकेदार को एक नहीं करीब 42 काम का वर्क ऑर्डर दे दिया। इसका जवाब चाहिए। ठेकेदार को बचाने में लगे हैं। एक ही ठेकेदार को सारे काम दे दिए। इस पर महापौर घनश्याम गुर्जर ने जवाब देते हुए कहा कि इस मामले में जल्दी निर्णय कर एक्शन लिया जाएगा। पूरे सदन में निर्णय करेंगे।
पार्षद अजय पूनिया ने आरोप लगाया ओर कहा कि घटिया काम करने वाले ठेकेदार को डी-बार करो। अन्य पार्षदों ने डी बार करने की मांग का समर्थन किया। फिर दूसरे पार्षद ने जोर देते हुए कहा कि पहले खूब शिकायत की गई लेकिन बार-बार कहा जाता रहा है कि उनके पास पावर नहीं है। अब पावर कहां से आएगी।
पार्षद कोली ने आरोप लगाते हुए कहा कि महिला पार्षद से अभद्र व्यवहार करते हैं। यह हमारा दुर्भाग्य है कि बिना पार्षदों की राय लिए प्रताप ऑडिटोरियम में निगम की बैठक करानी पड़ी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आयुक्त तो बात करना ही उचित नहीं समझते हैं। इस बीच में पार्षद सतीश यादव ने कहा कि यह गंभीर मामला है, इस पर विचार कर निर्णय करना चाहिए।
पार्षद अजय पूनिया ने कहा कि सदन जो तय करके देता है उसे लागू नहीं किया जाता है। उन्होंने नगर निगम की मीटिंग प्रताप ऑडिटोरियम में कराने पर सवाल खड़े किए गए। यदि भवन जर्जर है तो उसे दुरुस्त कराना चाहिए था या सामान्य मरममत की जरूरत है तो उसे दुरुस्त कराएं। वहीं पार्षद की मीटिंग से पहले एजेंडा देना चाहिए था। केवल एक पन्ना पार्षदों को थमा दिया। यह मनमर्जी करने जैसा है। इसे कैसे बर्दाश्त किया जाएगा।
पूनिया ने यह भी आरोप लगाया कि सफाईकर्मियों की भर्ती पहले भी हो चुकी है। सफाईकर्मियों को उनके मूल पदों पर काम करने का हक है। दूसरे काम में नहीं लगाया जा सकता है। बहुत से सफाईकर्मी सफाई के अलावा दूसरे कामों पर लगा रखे हैं। पहले भी मूल पद पर काम किए बना उनका स्थायीकरण हो गया। अब वापस उनके स्थायीकरण होने हैं। उन्होंने कहा कि अब भी हमारे सफाईकर्मी अलग-अलग विभागों में लगे हैं जबकि शहर गंदा पड़ा है। सफाईकर्मी को सफाई निरीक्षक तक बना दिया गया। रेशमा, कुणाल भानू, फकरु खां जैसे सफाईकर्मी अन्य महकमों में लगे हैं। कुछ केवल हाजिरी करने आते हैं। जिम्मेदार अफसरों के नीचे से पैसे को लेन-देन करके यह सब चलता रहा है। जब सरकार के नियम हैं कि मूल पदों पर सफाईकर्मी लगाया जाए तब दूसरी जिम्मेदारी क्यों नहीं दी गई। इसके अलावा भी अन्य पार्षदोंं ने भी अपनी आवाज सदन में रखी।
बैठक में पार्षद अजय पूनिया, धीरज जैन, सीताराम चौधरी, सुमन चौधरी, संजय जसाईवाल, हेतराम यादव, शालिनी शर्मा, सतीश यादव, अविनाश खंडेलवाल, घनश्याम सोनी, डॉ. अशोक पाठक, सुनील चौधरी, महेंद्र वर्मा, देवेंद्र रसगनिया, अंशुल सैनी, विमल जैन, महेश नायक, अरुण जैन, राहुल खान, सुदर्शन अरोड़ा, नरेंद्र शर्मा, रामावतार शर्मा, सुरेश वाल्मीकि, दुली चंद, रमाकांत यादव, कैलाश कोली, सुनील पाटोदिया, तारा देवी, शीला जांगिड़, पूजा अरोडा, सुनीता खांबरा, अंजलि अटल, संध्या मीणा, अंजू गुप्ता और सुमन सैनी सहित निगम के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Jaipur Times जयपुर टाइम्स के साथ आप नवीनतम हिंदी समाचार प्राप्त कर सकते हैं। आप अपने विज्ञापन को राजस्थान में प्रकाशित कर सकते हैं।