सोमवार से शुरू होंगे महंगाई राहत शिविर, सभी तैयारियां पूर्ण आमजन को मिलेंगी महंगाई से राहत जिलें में होंगे 80 स्थाई शिविर, पहले दिन 14 स्थानों पर होंगे शिविर आयोजित

Apr 23, 2023 - 15:38
 0
सोमवार से शुरू होंगे महंगाई राहत शिविर, सभी तैयारियां पूर्ण आमजन को मिलेंगी महंगाई से राहत जिलें में होंगे 80 स्थाई शिविर, पहले दिन 14 स्थानों पर होंगे शिविर आयोजित

सीकर, 23 अप्रैल। आमजन को महंगाई से राहत देने का अभियान सोमवार से शुरू होगा। इसकी सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव ने रविवार को प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि जिले में प्रशासन गांवों के संग तथा प्रशासन शहरों के संग अभियान के साथ महंगाई राहत शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जिले में 80 स्थानों पर स्थाई शिविर आयोजित होंगे। वहीं 373 ग्राम पंचायतों तथा नगरीय क्षेत्रों में 182  शिविर प्रशासन गांवों और शहरों के संग अभियान के दौरान महंगाई राहत के शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर प्रातः 10 से सायं 6 बजे तक होंगे।
जिला कलेक्टर डॉ. यादव ने बताया कि महंगाई राहत शिविरों में 10 योजनाओं के लाभार्थियों का पंजीकरण होगा। लाभार्थियों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए शिविर में पंजीकरण करवाना होगा। यह पंजीकरण किसी भी शिविर में तथा शिविर अवधि में कभी भी करवाया जा सकेगा, लेकिन पंजीकरण के पश्चात योजनाओं का लाभ निर्धारित तिथि से ही देय होगा।
जिला कलेक्टर डॉ. यादव ने कहा कि पंजीकरण के पश्चात लाभार्थी को मुख्यमंत्री गारंटी कार्ड दिए जाएंगे। यह गारंटी कार्ड संबंधित योजनाओं के लाभ की गारंटी होगी। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में प्रत्येक शिविर के लिए राजस्थान प्रशासनिक सेवा के अधिकारी तथा शहरी क्षेत्र के लिए तहसीलदार अथवा अधिशासी अधिकारी को प्रभारी बनाया गया है। प्रत्येक अस्थाई शिविर 2 दिन चलेगा। 

इन दस्तावेजों की रहेगी आवश्यकता ः-

जिला कलेक्टर ने बताया कि महंगाई राहत शिविर में पंजीकरण के लिए जन आधार कार्ड सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज होगा। जन आधार कार्ड से जुड़ी सभी योजनाओं का लाभ इसके माध्यम से मिलेगा। वहीं 100 यूनिट  बिजली के लिए बिजली का बिल तथा 500 में गैस सिलेंडर प्राप्त करने की योजना में पंजीकरण के लिए गैस कनेक्शन की डायरी लानी होगी। उन्होंने बताया कि स्थाई महंगाई राहत शिविरों में 20 गुणा 20 तथा अस्थाई में 15 गुणा 15 फुट की कैनोपी होगी। प्रत्येक कैनोपी में दो अकाउंट लगाए जाएंगे। एक में लाभार्थी का रजिस्ट्रेशन होगा तथा दूसरे में गारंटी कार्ड प्रिंट करके दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जन आधार कार्ड का कोई भी सदस्य पंजीकरण के लिए शिविर में आ सकेगा। उन्होंने बताया कि योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसी प्रकार के आवेदन भरने की जरूरत नहीं रहेगी। यह पंजीकरण एक बार ही करवाना होगा।

पहले दिन 14 स्थानों पर होंगे शिविर ः-

जिला कलेक्टर बताया कि सोमवार को प्रशासन गांव के संग अभियान के तहत सीकर नगर परिषद क्षेत्र में वार्ड नंबर - 1,2,3 तथा नगरपालिका रामगढ़ शेखावाटी के वार्ड नम्बर - 1, 2, फतेहपुर के वार्ड नम्बर - 2,3, लक्ष्मणगढ़ के वार्ड नम्बर - 1,2, रींगस के वार्ड नम्बर -2,35  श्रीमाधोपुर के वार्ड नम्बर - 1,2,3 अजीतगढ़ के वार्ड नम्बर -1  में शिविर होंगे। 
इसी प्रकार प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत पहले दिन सीकर के फतेहपुर की रोहल, पिपराली की कोलिड़ा, धोद की जेरठी, दांतारामगढ़ की रामगढ़, खण्डेला की रामपुरा, श्रीमाधोपुर की जोरावरनगर, नीमकाथाना की सिरोही ग्राम पंचायत में शिविर आयोजित किए जाएंगे।

इन योजनाओं का मिलेगा लाभ ः-

जिला कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री गैस सिलेंडर योजना का लाभ 1 अप्रैल से, मुख्यमंत्री निःशुल्क बिजली योजना तथा मुख्यमंत्री निःशुल्क कृषि बिजली योजना का 1 जून से, मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा फूड पैकेट योजना का 25 मई से, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का 1 जून से, मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना तथा मुख्यमंत्री चिरंजीवी दुर्घटना बीमा योजना का लाभ भी 30 जून से देय होगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत मनरेगा के 100 दिन का रोजगार पूर्ण करने के पश्चात 25 दिन का अतरिक्ति रोजगार मिलेगा। वहीं इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना के तहत प्रत्येक वर्ष में शहरी क्षेत्र के परिवारों को 125 दिवस का रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री कामधेनु बीमा योजना के अन्र्तगत लाभ प्रारंभ की तिथि अलग से निर्धारित की जाएगी।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर राकेश कुमार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश कुमार, सहायक निदेशक जनसम्पर्क पूरणमल, जिला रसद अधिकारी कपिल उपाध्याय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. निर्मल चौधरी, सीपीओ अरविन्द सामौर, सहायक निदेशक समाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ओमप्रकाश राहड़, एसई पीएचईडी चुन्नीलाल भास्कर, डीईओ शीशराम कुल्हरी, सहायक निदेशक सांख्यिकी अनिल शर्मा, उपनिदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग सुमन पारीक, सहायक निदेशक महिला अधिकारिता विभाग डॉ. अनुराधा सक्सेना सहित जिला स्तरीय अधिकारी  व प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।

इन योजनाओं के लिए किया जाएगा रजिस्ट्रेशन ः-

1. मुख्यमंत्री गैस सिलेंडर योजना के तहत 500 रुपये में सिलेन्डर
2. मुख्यमंत्री निःशुल्क बिजली योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को 100 यूनिट प्रतिमाह निःशुल्क बिजली
3. मुख्यमंत्री निःशुल्क कृषि बिजली योजना के तहत कृषि उपभोक्ताओं को 2000 यूनिट प्रतिमाह निःशुल्क बिजली
4. मुख्यमंत्री निःशुल्क अन्नपूर्णा फूड पैकेट योजना के तहत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा के दायरे में आने वाले सभी लार्भाथियों को प्रत्येक माह निःशुल्क अन्नपूर्णा फूड पैकेट
5. मुख्यमंत्री ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत महात्मा गांधी नरेगा में 100 कार्य दिवस पूरा करने वाले परिवारों को 25 दिन का अतिरिक्त रोजगार एवं कथौडी, सहरिया तथा विशेष योग्यजन को 100 अतिरिक्त दिवस का रोजगार
6. इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना के तहत वर्ष में 125 दिन कार्य के अवसर 
7. सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत न्यूनतम 1000 रुपए पेंशन प्रतिमाह तथा प्रतिवर्ष 15 प्रतिशत की वृद्धि
8. मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना की सीमा 10 लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपए 
9. मुख्यमंत्री चिरंजीवी दुर्घटना बीमा योजना की राशि 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपए 
10 मुख्यमंत्री कामधेनु पशु बीमा योजना के तहत 2 दुधारू गौवंशीय पशुओं के लिए प्रति पशु 40 हजार रुपये का बीमा कवर दिया जायेगा।

Jaipur Times जयपुर टाइम्स के साथ आप नवीनतम हिंदी समाचार प्राप्त कर सकते हैं। आप अपने विज्ञापन को राजस्थान में प्रकाशित कर सकते हैं।