यमुना उफान पर, पंजाब-हरियाणा में तबाही; हिमाचल में लैंडस्लाइड, 39 की मौत
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश से हालात बेकाबू हो गए हैं। पंजाब के सभी 23 जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति है। अब तक 30 लोगों की मौत हो चुकी है और 1200 से अधिक गांव जलमग्न हैं। राज्य सरकार ने पंजाब को आपदा प्रभावित क्षेत्र घोषित कर दिया है और स्कूल-कॉलेज 7 सितंबर तक बंद कर दिए हैं।
हरियाणा में झज्जर, हिसार, अंबाला, कुरुक्षेत्र समेत कई जिलों में 3-5 फीट तक पानी भरा है। अंबाला में सैकड़ों घरों में पानी घुस गया है। हथिनीकुंड बैराज से लगातार 67 घंटे से पानी छोड़े जाने के कारण दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान पार कर 206.80 मीटर पर बह रही है। नदी किनारे के निचले इलाकों में पानी भर जाने से 10 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। दिल्ली में स्कूल बंद कर ऑनलाइन क्लास जारी रखी गई हैं।
हिमाचल के कुल्लू-मनाली में लैंडस्लाइड से 9 लोगों की मौत हो गई। वहीं, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में भी बारिश से भूस्खलन और जनजीवन अस्त-व्यस्त है। प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमें राहत-बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं।